ललितपुर। वार्ड नंबर एक के मोहल्ला सिद्दनपुरा में गंदगी से नालियां व नाले बजबजा रहे हैं। इससे मोहल्लेवासियों में बीमारियों के फैलने का खतरा सता रहा है। कुछ लोगों ने तो स्वयं ही सफाई करना शुरू कर दिया है।
कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए वार्डो की साफ-सफाई कर सैनिटाइज किया जा रहा है। इसके बाद भी कई वार्डों में साफ-सफाई की समस्या बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विशेष अभियान के दौरान मुख्य मार्गो की सफाई पर ध्यान दिया जाता है, लेकिन अंदर गलियों में सफाई के नाम औपचारिकता निभाई जाती है। ऐसा ही कुछ हाल सिद्दनपुरा वार्ड का है। यहां मालाजी के कुआं के पीछे नाले के पास स्थित बस्ती में सफाई के प्रति उदासीनता बरती जा रही है। बस्ती के पास बने नाले में गंदगी अटी पड़ी है।
बारिश के दौरान पिछले दिनों जब नाले में पानी ने गति पकड़ी तो गंदगी उफनाकर बाहर आ गई थी। नतीजा यह हुआ कि नाले की गंदगी बस्ती की सड़कों पर फैल गई। ऐसा पहली बार नहीं हुआ तो जब नाले की गंदगी सड़कों पर फैली हो, जब भी बारिश होती, तब नाले की गंदगी बस्ती में फैल जाती है। वर्तमान में नाले का दूषित पानी दुर्गंध छोड़ रहा है। राहुल के घर के सामने वाली गली में भी सड़क पर कचरा फैला है, इससे बस्ती वालों में बीमारियों के फैलने की चिंता सता रही है।
बीते दिनों हल्की बारिश हुई, जिससे पानी जगह-जगह एकत्रित हो गया। इससे मच्छरों का भी प्रकोप बढ़ने लगा है। इस वजह से मलेरिया जैसी बीमारी फैलने की चिंता सताने लगी है। बस्ती वाले कीचड़ भरे रास्ते से होकर निकलने के लिए विवश हैं। वर्तमान में कोरोना वायरस से लोग पहले से ही दहशत में हैं, उन्हें समझ नहीं आ रहा है कि इस महामारी में फैल रही गंदगी से कैसे निपटे?
- बाबूलाल
बस्ती के बीच में नाला खुला हुआ है। यहां बस्ती की अनेक महिलाएं सुबह एवं शाम को शौच क्रिया के लिए बैठ जाती हैं। इससे बस्ती साफ-सुथरी नहीं रह पाती है। ऐसे में मोहल्लेवासी स्वयं नाले में सफाई करते नजर आते हैं। वार्ड में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है। - फूलबती
मोहल्ले में साफ-सफाई पर बिलकुल भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है। वार्ड की कई गलियां नालियों के अभाव में नालियां बजबजा रही हैं। कई नालियां क्षतिग्रस्त भी पड़ी हैं। इससे गलियों की ठीक से सफाई नहीं हो पा रही है। - मेवा देवी
वार्ड काफी बड़ा है, लेकिन उसके मुकाबले सफाई कर्मचारी कम ही दिखाई देते हैं। इस वजह से वार्ड में कई जगहों पर कचरा फैला देखा जा सकता है। खाली प्लॉटों की स्थिति और भी खराब है। इनकी साफ-सफाई को भी नजरअंदाज किया जा रहा है। - पिस्ता
कोरोना वायरस के दौरान शहर में सफाई का अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन उनके वार्ड में सफाई के नाम पर औपचारिकता ही नजर आती है। इस वजह से वार्ड की विभिन्न गलियों में साफ-सफाई की समस्या बनी हुई है। - मनीषा
बारिश के पहले नालों की सफाई कराई जाती है, लेकिन अभी नालों की सफाई की शुरुआत नहीं हो पाई है। इस वजह से आसपास के लोग खुद ही नालों में रुकी गंदगी को हटा रहे हैं। यदि समय रहते नालों की सफाई करा दी जाए तो बारिश के सीजन में नालों के उफनाने की समस्या का समाधान हो जाएगा।
- सुरेश
नाला गैंग का गठन होते ही नाले की सफाई कराई जाएगी। यदि किसी जगह सफाई की समस्या है तो वहां की सफाई कराई जाएगी।
- जितेंद्र तिवारी, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक, नगर पालिका परिषद