मड़ावरा। त्योहारी सीजन में सोमवार को एसआईबी टीम ने कस्बे में छापामार कार्यवाही की। इस दौरान एक किराना व्यापारी की दुकान पर सर्वे कार्यवाही के दौरान उसकी तबियत बिगड़ गई। उसे आनन-फानन में सीएचसी लाया गया, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
कस्बा निवासी मनीष कुमार बस स्टैंड पर परचून की दुकान किए हैं। सोमवार दोपहर आयकर एवं बिक्री कर विभाग की संयुक्त टीम ने छापा मारा। व्यापारी के रिश्तेदार रितेश जैन ने बताया कि दोपहर तीन बजे के दरम्यान कुछ अधिकारी पुलिस बल के साथ दुकान में घुस गए और वीडियोग्राफी करते हुए गल्ले से पैसे निकलवा कर गिनती कराई और कहा कि लाखों रुपये टैक्स का जमा करना पड़ेगा नहीं तो जेल जाना पड़ेगा। आरोप है कि टीम ने की बात सुनकर व्यापारी की तबियत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर नीचे गिर गया परिजन लेकर अस्पताल पहुंचे। व्यापारी की हालात बिगड़ने पर अन्य व्यापारियों में रोष फैल गया। इसे देखकर कथित टीम कार्यवाही को छोड़कर मौके से चलती बनी।
बाजार में बंद हुईं दुकानों की शटरें : एसआईबी टीम द्वारा कस्बे में की जा रही छापामार कार्यवाही की जानकारी मिलते ही त्योहारी सीजन के बावजूद सराफा, परचून, हार्डवेयर, मोबाइल बिक्री आदि की अधिकांश दुकानों के शटर बंद हो गए। व्यापारी के परिजनों का आरोप है कि कथित टीम द्वारा बिना सर्च और सीज वारंट के ही कार्यवाही करते हुए व्यापारी को धमकाया गया। इसके चलते व्यापारी की हालात बिगड़ गई। उद्योग व्यापार मंडल द्वारा ऐसी कार्यवाही की निंदा कर व्यापारियों के उत्पीड़न को रोकने की मांग की गई।