ललितपुर। बजाज पावर प्लांट की मशीनों में रविवार को खराबी आने के बाद पारीछा से जनपद को रोस्टिंग में कटौती कर बिजली आपूर्ति की जा रही है। यहां तक तो ठीक है, लेकिन रविवार को जनपद में आंधी आने के बाद जहां विद्युत लाइनों को भारी क्षति पहुंची है, वहीं सोमवार को रौंड़ा हाइडिल में स्थापित बीस एमवीए के ट्रांसफार्मर का शटडाउन लेने के कारण ढाई घंटे तक शहर समेत सात दर्जन गांव की बिजली आपूर्ति ठप रही।
ग्राम चिगलौआ स्थित बजाज पावर प्लांट की मशीनों में रविवार की सुबह 8.18 बजे अचानक तकनीकी खराबी आ गई थी। इस कारण बिजली व्यवस्था गड़बड़ा गई। ट्रांसमिशन अधिकारियों द्वारा आनन-फानन में पारीछा थर्मल पावर प्लांट से जनपद की आपूर्ति की व्यवस्था कराई, जिस पर एक घंटा बाद से ही जनपद को पारीछा से आने वाले सर्किट से जोड़कर बिजली सुचारु कर दी गई, लेकिन पारीछा से बिजली देने के कारण पनकी कंट्रोल के आदेश के अनुसार दिन में सुबह दस बजे से दोपहर बारह बजे तक और शाम को तीन बजे से शाम पांच बजे तक रोस्टिंग में कटौती शुरु कर दी गई। वहीं, रविवार की शाम को सवा तीन बजे पारीछा से आने वाला 132 केवी सर्किट भी फेल हो गया और कल्यानपुरा से मेेन सप्लाई बाधित हो गई।
अभी एक दिन भी नहीं बीता था कि रौंड़ा हाइडिल में तकनीकी काम होने के कारण सोमवार की शाम सवा तीन बजे अचानक बीस एमवीए ट्रांसफार्मर का शटडाउन लेना पड़ा, जिससे गल्ला मंडी सब स्टेशन में स्थापित फीडर नंबर एक, तीन, पिसनारी, गोविंदनगर, राजघाट, देवगढ़ व चंदेरा फीडरों की आपूर्ति ढाई घंटे तक गुल रही। शाम पौने छह बजे आपूर्ति सुचारु हो सकी।