सराफा कारोबारी ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या
शुक्रवार रात तीन बजे की घटना, पिता ने सदर पुलिस चौकी प्रभारी व सिपाही समेत दो अन्य लोगों पर लगाया उत्पीड़न का आरोप
एसपी ने सिपाही को किया लाइन हाजिर, एएसपी को सौंपी मामले की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। नगर के मुहल्ला कटरा बाजार में एक सराफा कारोबारी ने शुक्रवार देर रात खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक के पिता ने सदर पुलिस चौकी प्रभारी व एक सिपाही समेत दो अन्य लोगों पर आरोप लगाया है कि वह उनके पुत्र को लगातार प्रताड़ित करने के साथ एक लाख रुपये की मांग कर रहे थे। पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच एएसपी को सौंप दी है और सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया है।
मुहल्ला कटरा बाजार, छत्रसालपुरा निवासी शिवम कौशल (23) पुत्र प्रदीप कौशल कटरा बाजार में सोने-चांदी का कारोबार करता था। दो अक्टूबर को देर रात वह घर लौटा और अपने कमरे में जाकर लगभग रात तीन बजे पिस्टल से अपनी कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली की आवाज सुनकर परिजन उसके कमरे की ओर भागे तो शिवम पलंग पर खून से लथपथ मृत पड़ा था। आसपास के लोग भी एकत्रित हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मौका मुआयना किया और परिजनों से पूछताछ की। मामले में पुलिस अधीक्षक ने आरोपी सिपाही भगवान सिंह गुर्जर को लाइन हाजिर कर दिया हैं।