आजादपुरा प्रथम में किराना दुकान का निरीक्षण करते खंड शिक्षा अधिकारी भरत कुमार वर्मा
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। कोरोना वायरस के मद्देनजर देश लॉकडाउन होने से कई व्यवसायी इस मौके का फायदा उठाकर मुनाफा खोरी कर रहे हैं। लेकिन, शहर के आजादपुरा प्रथम वार्ड 16 में एक दुकानदार ऐसा भी हैं, जो ग्राहकों को प्रिंट रेट से भी कम दाम पर खाद्य सामग्री उपलब्ध करा रहे हैं। इससे उनकी सराहना हो रही है। अपर जिलाधिकारी और खंड शिक्षा अधिकारी ने भी लोगों को प्रोत्साहित किया है।
कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। नियंत्रण पाने के लिए संपूर्ण देश को लॉकडाउन किया गया है। इससे जमाखोरी और मुनाफाखोरी के मामले सामने आ रहे हैं। इसके विपरीत आजादपुरा प्रथम वार्ड में किराना दुकानदार दीपक नामदेव ने प्रिंट रेट से कम पर खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। उनका कहना है कि दुकान में विभिन्न कंपनियों के खाद्य प्रोडक्ट उपलब्ध हैं, जिन्हें वह एमआरपी के रेट से पांच से पंद्रह प्रतिशत तक कम दाम पर बेच रहे हैं। इसके पीछे उनकी मंशा है कि लोगों पर अतिरिक्त बोझ न पड़े। वर्तमान में समूची मानव जाति संकट के दौर से गुजर रही है, ऐसे में हम सभी को एक - दूसरे की मदद करनी चाहिए।
आजादपुरा में ड्यूटी की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। खंड शिक्षा अधिकारी भरत कुमार वर्मा ने दुकानदार के इस कदम की तारीफ की है। अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार मिश्र ने भी सराहा है।