बांध की तलहटी पर गया था बकरियां चराने, नहाने के दौरान डूबने से हुई मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
बार/पुलवारा। शहजाद बांध की तलहटी में बकरियां चराने गए थाना बार अंतर्गत बरौदा डांग गांव निवासी 58 वर्षीय भगवानदास की बांध में नहाने के दौरान पानी में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से करीब 20 घंटे बाद बुधवार की सुबह बांध में से शव को खोज निकाला।
मृतक के बड़े पुत्र नारायण ने बताया कि उसके पिता भगवान दास कुशवाहा पुत्र ललनजू मंगलवार दोपहर अपनी बकरियां लेकर बांध की तलहटी में चराने के लिए गए थे। दोपहर करीब दो बजे बांध में वह नहाने के लिए गए। काफी देर तक जब वह पानी से बाहर नहीं आए तो बकरियां चरा रहे गांव के ही एक व्यक्ति ने परिजनों व गांववालों को जानकारी दी। लोगों ने तत्काल घटना की सूचना यूपी-112 को दी तो पीआरवी मौके पर पहुंची।
इस बीच थाना बार पुलिस भी मौके पर पहुंची और गोताखोरों को बांध में उतारकर खोजबीन कराई लेकिन मंगलवार की देर शाम तक वह शव को खोज न सके। बुधवार सुबह से थाना प्रभारी अजमेर सिंह भदौरिया पुलिस बल व फायर ब्रिगेड के गोताखोरों को लेकर फिर मौके पर पहुंचे। एकबार फिर गोताखोर बांध में उतारे गए और खोजबीन में जुट गए। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद सुबह करीब साढ़े 10 बजे भगवानदास का शव बरामद हुआ।
भगवानदास का शव बांध से बाहर निकलते ही किनारे मौजूद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुत्र नारायण ने बताया कि उसके पिता प्रतिदिन बकरियां लेकर बांध की तलहटी पर आते थे। खेती व बकरियों से ही घर का गुजारा होता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की। थानाध्यक्ष बार अजमेर सिंह भदौरिया ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना की जांच की जा रही है।