ललितपुर। शहर के स्टेशन के पास से निकले देवगढ़ रोड पर स्टेशन से रेलवे फाटक तक बहुत गहरे-गहरे गड्ढे हो गए हैं। जिससे राहगीर और वाहन चालकों का निकलना काफी मुश्किल हो गया है। लोगों ने शीघ्र सड़क डलवाए जाने की मांग की है।
जनपद के स्टेशन के पास से देवगढ़ को निकली सड़क पर स्टेशन से ही देवगढ़ रोड के रेलवे फाटक तक सड़क पर गहरे हो जाने से लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गड्ढे इतने गहरे हैं कि इनमें से निकलने वाले भी वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं। साथ पैदल चलने वाले राहगीरों को भी निकलने में काफी परेशानी हो रही है। गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने के कारण यह पानी कीचड़ में तब्दील हो जाता है और जब राहगीर वहां से निकलते हैं तो वह भी कीचड़ से पूरी तरह भिड़ जाते हैं, कपड़े भी खराब हो जाते हैं। देवगढ़ रोड पर माल गोदाम होने के कारण यहां से सैकड़ों बड़े वाहनों का भी आना-जाना होता है। सड़क पूरी तरह उखड़ जाने से लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। लोगों ने कहा कि सड़क का शीघ्र निर्माण कराया जाए जिससे आए दिन हो रहे सड़क हादसों पर भी अंकुश लग सके।
देवगढ़ रोड पर तो सड़क बची ही नहीं हैं। यहां तो सिर्फ गड्ढे ही गड्ढे हैं। जहां योगी सरकार अपनी सरकार बनने के तीन माह बाद पूरे प्रदेश को गड्ढ़ा मुक्त करने की बात कहती थी, उसी योगी सरकार में आज भी जगह- जगह गड़ढे हैं। लेकिन कोई शासन- प्रशासन सुध नहीं ले रहा है।
- कपिल दुबे
हमारे मुहल्ले में मुख्य मार्ग पूरी तरह ध्वस्त हो गया है। ऐसे में वहां से निकलने में सभी को परेशानी हो रही है। प्रशासन को इस सम्सया को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र समाधान करना चाहिए।
- मनमोहन चौबे
देवगढ़ रोड रोड पर सड़क खराब हो गई है। पूरे रास्ते में गड्ढे हो गए हैैं। जिनमें बारिश का पानी और कीचड़ भरा रहता है। हम लोग बहुत परेशान हैं, यहां से निकलने में सभी को असुविधा हो रही है। सड़क डल जाएगी तो समस्या का समाधान हो जाएगा।
- इंद्रेश तिवारी
स्टेशन के पास से निकले देवगढ़ का मुख्य मार्ग शुरू से रेलवे फाटक तक उखड़ गया है। गहरे गड्ढे होने के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। अगर सड़क का निर्माण हो जाएगा, तो हादसों पर अंकुश लगेगा और समस्या का समाधान भी हो जाएगा।
- अमन मिश्रा
देवगढ़ रोड से क्रासिंग तक सेतु निगम के अंतर्गत आता है। जब तक सेतु निर्माण का कार्य चल रहा है, तब तक सड़क की मरम्मत की जिम्मेदारी सेतु निर्माण विभाग की है।
- एडी कटियार, एई पीडब्ल्यूडी