ललितपुर। कोरोना वायरस संक्रमण की स्थिति भयावह होती जा रही है। बृहस्पतिवार को एक जिला पंचायत सदस्य व उनकी पत्नी ग्राम प्रधान, नगर पंचायत तालबेहट अध्यक्षा के पति, चिकित्सक और खंड शिक्षा अधिकारी समेत 35 कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। संख्या बढ़कर 1165 पहुंच गई है। इनमें 15 की मौत हो चुकी और 748 संक्रमित स्वस्थ्य हो चुके हैं।
अब तक कोरोना आम लोगों व स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों तक सीमित था, लेकिन अब जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों में भी फैलता जा रहा है। बृहस्पतिवार को 34 कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें ब्लॉक बार अंतर्गत ग्राम बस्तगुवां निवासी 48 वर्षीय जिला पंचायत सदस्य व उनकी ग्राम प्रधान बस्तगुुवा प्रधान 46 वर्षीय पत्नी, और गांव निवासी 36 वर्षीय युवक, 37 वर्षीय युवक कोरोना संक्रमित है। इसके अलावा ब्लॉक बिरधा के 48 वर्षीय खंड शिक्षा अधिकारी व कस्बा निवासी 50 वर्षीय महिला संक्रमित पाई गई है। पुलिस लाइन में एक 30 वर्षीय पुलिस कर्मी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। डॉक्टर कालौनी निवासी एक 58 वर्षीय चिकित्सक, 48 वर्षीय महिला, 36 वर्षीय युवक, 15 वर्षीय किशोर संक्रमित पाया गया है। शहर के क्षेत्रपाल मंदिर के पास निवासी 28 वर्षीय युवक, 02 वर्षीय मासूम बालक, 25 वर्षीय युवक संक्रमित हैं। मोहल्ला बड़ापुरा निवासी 18 वर्षीय युवक पॉजिटिव है। इसके अलावा तालबेहट निवासी 40 वर्षीय व्यक्ति, 32 वर्षीय युवती, ग्राम कड़ेसराकलां निवासी 27 वर्षीय युवक संक्रमित है। थाना नाराहट अंतर्गत कस्बा निवासी 26 वर्षीय युवक, 26 वर्षीय युवक, ग्राम रनगांव निवासी 35 वर्षीय युवक, ग्राम साढ़ूमल निवासी 64 वर्षीय वृद्ध कोरोना संक्रमित पाया गया है। ब्लॉक जखौरा के कस्बा निवासी 48 वर्षीय व्यक्ति, 53 वर्षीय व्यक्ति, ग्राम मसौराखुर्द निवासी 26 वर्षीय महिला व मध्यप्रदेश के चंदेरी निवासी 45 वर्षीय व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाया गया है।
लगातार चौथे दिन कोरोना संक्रमित की मौत
शहर के मोहल्ला जेल चौराहा निवासी एक 58 वर्षीय व्यक्ति बीते दिनों कोरोना संक्रमित पाया गया था। जिसे लक्षण होने के चलते झांसी रेफर किया गया था। जहां पर उसकी बृहस्पतिवार को मौत हो गई। जनपद में लगातार चौथे दिन भी एक कोरोना संक्रमित की मौत से शहर में कोरोना का कहर नजर आने लगा है। लोगों में कोरोना संक्रमण को लेकर भय का माहौल बनता जा रहा है।
993 सैंपलों की नहीं आई रिपोर्ट
जिले में जैसे-जैसे कोरोना संक्रमण बढ़ता जा रहा है। वैसे ही जांचों का दायरा बढ़ रहा है। लेकिन जांच रिपोर्ट आने में समय पर तय नहीं हो पा रहा है। यहां पर अब तक 25 अगस्त से पहले से अब तक के 993 सैंपलों की जांच रिपोर्ट नहीं आई है।
बृहस्पतिवार को जिले में 34 कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। वहीं एक संक्रमित व्यक्ति की मौत हो चुकी है।
- डॉ. प्रताप सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी