ललितपुर। राष्ट्र भक्त संगठन के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को फिल्म पठान में सनातन संस्कृति को बदनाम करने का आरोप लगाते हुए शाहरुख खान के पुतले का दहन किया। संगठन ने मुख्यमंत्री से फिल्म पठान पर प्रतिबंध लगाने की मांग की।
राष्ट्र भक्त संगठन के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को पठान फिल्म के विरोध में मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन पुलिस अधीक्षक को सौंपा। जिसमें बताया गया कि हाल ही में फिल्म अभिनेता शाहरूख खान ने सनानत संस्कृति के प्रतीक भगवा रंग का अपमान कर एक गाने में फिल्म अभिनेत्री को भगवा वस्त्र पहने एवं स्वयं को इस्लाम को बढ़ावा देने को हरा वस्त्र पहना दिखाकर अभद्र सीन फिल्मांकित किए गए हैं। ऐसे कलाकार, निर्देशक जो लगातार भारतीय हिंदू मूल्यों, परंपराओं व संस्कृति का अनादर करते हैं और जिससे संपूर्ण हिंदू समाज, भारतीय समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची है। संगठन ने कलाकार के खिलाफ मुख्यमंत्री से उचित धाराओं में एफआईआर दर्ज करने एवं उनकी संपत्तियां भी जब्त किए जाने की मांग की है।
संगठन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए घंटाघर पहुंचे और शाहरुख खान के पुतले का दहन करने लगे, लेकिन मौके पर कोतवाली पुलिस पहुंच गई और पहले तो पुतला दहन करने से रोक दिया और पुलिस पुतले को सदर चौकी में ले गई। लेकिन बाद में सीओ सिटी के आने के बाद संगठन के पदाधिकारियों से वार्ता की गई और फिर संगठन के कार्यकर्ताओं ने पुतला सदर चौकी से उठाकर फिर से घंटाघर के मैदान में ले गए और नारेबाजी करते हुए शाहरुख खान के पुतले का दहन कर दिया।
भगोड़े जाकिर नाईक का वीडियो शेयर करने वाले सिपाही पर कार्रवाई की मांग
राष्ट्र भक्त संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष अंचल अड़जरिया ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देकर बताया कि भगोड़े जाकिर नाईक के वीडियो को फेसबुक आईडी व इंस्टाग्राम सोशल मीडिया के माध्यम से शेयर करने के मामले में सिपाही के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।