पुुुलवारा (ललितपुर)। ब्लॉक बार के अंतर्गत ग्राम लड़वारी के मजरा नीमखेरा में आजादी के सात दशक बीतने के बाद भी गांव तक पहुंचने के लिए सड़क नहीं बनी है। गांव में सड़क नहीं होने के कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गांव की दूरी ब्लॉक मुख्यालय से मात्र पांच किलोमीटर है। सबसे अधिक परेशानी का सामना ग्रामीणों को बरसात के मौसम में करना पड़ता है। जब गांव में कोई बीमार पड़ जाता है तो उसे अस्पताल तक पहुंचाने में लोगों को बहुत परेशानी होती है। कुछ बर्ष पहले इस रास्ते में गिट्टी बिछाने का कार्य प्रारंभ हुआ था, लेकिन आधे रास्ते में गिट्टी बिछाने के बाद काम बंद हो गया। तब से लेकर अब तक सड़क ज्यों की त्यों पड़ी है।
चुनाव के समय नेताओं द्वारा सड़क बनाने का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन इसके बाद कोई भी नेता गांव की तरफ नहीं देखता है।
- कलुआ कुशवाहा
जिलाधिकारी से लेकर कई नेताओं और मंत्रियों को भी गांव में सड़क निर्माण के लिए कहा गया, लेकिन अब तक प्रशासन द्वारा गांव में सड़क निर्माण के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया है।
- अभिषेक परमार