ललितपुर। शहर में लटकती हाईटेंशन लाइन एवं जर्जर खंभे हादसों को आमंत्रण दे रहे हैं। कई मोहल्लों की बीच बस्ती से हाईटेंशन लाइन के तार निकले हैं। वहीं, कांशीराम आवासीय कॉलोनी आईटीआई जाने वाले मार्ग पर हाईटेंशन लाइन के तार जर्जर खंभों के सहारे टिके हैं, ऐसे में कभी भी कोई बड़ा हादसा होने से इंकार नहीं किया जा सकता है। इसके बाद भी विद्युत विभाग बेपरवाह बना हुआ है। वहीं, कई मोहल्लों में तार छतों के ऊपर लटक रहे हैं।
नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न वार्डों से निकली हाईटेंशन लाइन की समस्या से स्थानीय लोगों को छुटकारा नहीं मिल पा रहा है। ऐसा ही कुछ हाल शहर के मोहल्ला जुगपुरा, पिसनारी, घुसयाना आदि मोहल्लों में है। कुछ लोगों की छतों से हाईटेंशन लाइन के तार निकले हुए हैं। जिस कारण ऐसे लोग सर्दी के मौसम में भी धूप लेने के लिए छतों पर नहीं जा पाते हैं। पूर्व में जर्जर तारों के टूटकर गिरने से कई दुर्घटनाएं घटित हो चुकी हैं। इसके बाद भी जिम्मेदार जानकर भी अंजान बने हुए हैं। छतों पर लगभग दो से पांच फिट तक की ऊंचाई पर तार लटक रहे हैं। जिससे करंट लगने का डर बना हुआ है।
वहीं, आईटीआई कॉलेज के पास स्थित कांशीराम कॉलोनी के रास्ते से निकली हाईटेंशन लाइन के तार जर्जर खंभों पर लटक रहे हैं। यह खंभा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। नीचे पूरी तरह से दरक चुके हैं। दोनों के दोनों खंभा जर्जर हालत में हैं। बीते वर्ष एक भारी वाहन ने पीछे मुड़ते समय टक्कर मार दी थी। अब यह खंभा पूरी तरह से तारों के सहारे ही हैं। ऐसे में यहां पर किसी भी दुर्घटना होने की घटना से इंकार नहीं किया जा सकता है। जबकि इसी मार्ग से जाखलौन, धौर्रा, बुढ़वार और नेहरू नगरवासियों के साथ ही रेलवे की रैक के माल का उठान करने के लिए निकलने वाले वाहनों का आवागमन इसी मार्ग से होता है। इसके बाद भी अफसर मौन बने हुए हैं।
जर्जर खंभों के सहारे हाईटेंशन लाइन खबर का जोड़
सिद्दन रेलवे पुल के पास लगे हाईटेंशन लाइन का खंभा जर्जर हालत में है, जो कभी भी गिर कर दुर्घटना होने का खतरा बना हुआ है। खंभा को शीघ्र ही बदलवाया जाए। रामकुमार
-----
आईटीआई के पास रास्ते में जर्जर खंभा सड़क किनारे हैं। यहां सड़क पर मोड़ है और भारी वाहनों की आवाजाही लगी रहती है। ऐसे में नया खंभा लगवाया जाए। गंधर्व सिंह
-----
कांशीराम कॉलोनी के रास्ते में लगा खंभा क्षतिग्रस्त स्थिति में है। कॉलोनीवासियों का इसी रास्ते से आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में खंभा को बदलवाया जाए। विजय सिंह यादव
-------
आईटीआई के पास स्थित कांशीराम कॉलोनी के रास्ते में हाईटेंशन लाइन का खंभा जर्जर होने जानकारी हुई है। जिसकी जांच कर खंभा बदलवाए जाएंगे। राकेश सिंह
अधिशाषी अभियंता, विद्युत वितरण खंड
कांशीराम आवासीय कालोनी आईटीआई जाने वाले मार्ग पर हाईटेंशन तार के जर्जर पड़े खंभे- फोटो : LALITPUR