क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के लिए मिलेगी सहूलियत
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जनपद में संचालित सात राजकीय हाईस्कूल विद्यालय उच्चीकृत होकर इंटरमीडिएट तक हो गए हैं। अब इन विद्यालयों में इंटरमीडिएट की कक्षाएं संचालित होंगी। इससे इस क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के लिए काफी सहूलियत होगी।
माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से जिले में 39 विद्यालय संचालित है। इनमें 31 राजकीय हाईस्कूल और आठ इंटरमीडिएट विद्यालय हैं। जनपद के कई क्षेत्रों के बच्चों को हाईस्कूल के बाद की शिक्षा पाने के लिए दूरदराज के इंटर कॉलेजों में जाने पड़ता है। इसे देखते हुए डीआईओएस कार्यालय से दिदौनिया, गौना-कुसमाड़, पूराबिरधा, कुम्हैडी, दूधई, डोंगराकलां और दैलवारा स्थित विद्यालय को उच्चीकृत कर इंटरमीडिएट तक करने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया था। शासन ने इस प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी। इंटरमीडिएट तक उच्चीकृत होने के बाद विद्यालय में संसाधनों का भी विकास होगा।
इन विद्यालयों में प्रयोगशाला, शिक्षण कक्ष, प्रसाधन, कॉमन रूम आदि बनाए जाने का काम होगा। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, इंटरमीडिएट तक उच्चीकृत हुए इन विद्यालयों में इंटर की कक्षाओं का संचालन जल्द ही शुरू हो जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि जनपद के सात राजकीय हाईस्कूल उच्चीकृत होकर इंटर तक हो गए हैं। आने वाले दिनों में इनमें इंटर की पढ़ाई शुरू होगी।