संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। महरौनी कस्बे के खरवांचपुरा निवासी 23 वर्षीय सचिन सिंह उर्फ कल्लू राजा का शव शनिवार सुबह नई सौंजना रोड स्थित उनकी दुकान की छत पर मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने अज्ञात कारणों के चलते आत्महत्या की आशंका जताई है।
मृतक के चचेरे भाई यश प्रताप ने बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे सचिन घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे उसकी चाची उमा सिंह गाय को चारा डालने के लिए निकलीं। इस दौरान उन्होंने दुकान की छत पर सचिन को अचेत अवस्था में देखा। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। परिजनों के अनुसार सचिन शराब पीने का आदी था। उन्होंने अज्ञात कारणों के चलते आत्महत्या की आशंका जताई है। कोतवाली महरौनी प्रभारी निरीक्षक राजा दिनेश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।