संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। छोटे भाई की शादी से चार दिन पहले एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। घर की छत पर वाशिंग मशीन ठीक करते समय वह बिजली की चपेट में आ गया। परिजन उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद शादी वाले घर की खुशियां मातम में बदल गईं।
शहर के मोहल्ला आजादपुरा स्थित तुवन मंदिर के पीछे रहने वाले 34 वर्षीय अक्षय जैन शुक्रवार सुबह घर की छत पर खराब पड़ी वाशिंग मशीन की मरम्मत कर रहे थे। इसी दौरान मशीन में दौड़ रहे करंट की चपेट में आकर वह अचेत होकर गिर पड़े। परिजन तत्काल उन्हें मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया और अंतिम संस्कार के लिए घर ले गए। बताया गया कि मृतक के पिता देवेंद्र जैन का करीब ढाई माह पहले हृदयाघात से निधन हो गया था। वहीं, सात जुलाई को उनके छोटे भाई की शादी प्रस्तावित थी। ऐसे में परिवार एक और बड़े सदमे से गुजर रहा है अक्षय जैन तीन भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर थे। उनके परिवार में पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि करंट लगने से युवक की मौत की सूचना मिली थी। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया और अंतिम संस्कार कर दिया।