- पुलिस ने शिकायती पत्र पर प्रारंभिक जांच पड़ताल की शुरू, साथी कर्मचारी करते रहे आपस में चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। वरिष्ठ सहायक के आत्महत्या करने और पत्नी के उच्चाधिकारी पर आरोप लगाने के दूसरे दिन जनपद स्तर सहित ब्लॉक में हड़कंप मचा रहा। साथ ही कर्मचारियों के बीच आपस में तरह-तरह की चर्चा होती रही। वहीं, पत्नी द्वारा दिए गए शिकायती पत्र की प्रारंभिक जांच पड़ताल भी पुलिस ने शुरू कर दी है।
ब्लॉक मड़ावरा में तैनात वरिष्ठ सहायक राजाराम निवासी शहर के मोहल्ला पिसनारी ने 22 अप्रैल की रात को अपने घर में कमरे के अंदर छत के कुंदे पर रस्सी के फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली थी। 23 अप्रैल की सुबह उसका शव उसकी पत्नी पुष्पा को लटका मिला था। पुष्पा ने जनपद स्तरीय एक उच्चाधिकारी पर उसके पति राजाराम को निरीक्षण के दौरान सार्वजनिक रूप से बेइज्जत करने और डांटने से क्षुब्ध होकर जान देने का आरोप लगाया था। साथ में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी। बृहस्पतिवार को पुलिस ने शिकायती पत्र को लेकर प्रारंभिक जांच पड़ताल शुरू की। वहीं, वरिष्ठ सहायक द्वारा आत्महत्या करने को लेकर उसकी पत्नी पुष्पा द्वारा लगाए गए आरोपों के दूसरे दिन जनपद स्तर पर विकास भवन और ब्लॉक मड़ावरा में हड़कंप मचा रहा। कर्मचारियों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होती रही। कोई कह रहा था कि राजाराम पर काम का अतिरिक्त दबाव था और उस पर दो-दो ब्लॉक का चार्ज चल रहा था।