ललितपुर। मोहल्ला नेहरू नगर में दूसरे दिन शुक्रवार को भी पाइप लाइन की मरम्मत न हो पाने से पेयजल की समस्या बनी रही। जल संस्थान कर्मी पाइप लाइन को ठीक करने में जुटे रहे। आपूर्ति ठप होने से मोहल्लेवासियों को साइकिल और ठेला पर प्लास्टिक के डिब्बों में रखकर पानी भरना पड़ा। इससे हैंडपंपों पर लोगों को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा।
मोहल्ला नेहरू नगर में रेलवे द्वारा कार्य कराए जा रहे हैं। बीते दिवस जल संस्थान की पाइप लाइन इसकी चपेट में आ गई, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गई। जल संस्थान के कर्मियों को पाइप लाइन की मरम्मत करने में काफी दिक्कत आई। पाइप लाइन का पानी फैलने से रेलवे पुल के नीचे तालाब जैसा नजारा बन गया था, जिसे पंप रखकर खाली कराया गया। तब जाकर क्षतिग्रस्त पाइप लाइन की मरम्मत हो सकी। ऐसे में मोहल्लेवासियों को दूसरे दिन पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ा। कई लोग घरों के खाली बर्तन भरने के लिए प्लास्टिक के डिब्बा एक साथ बड़ी संख्या में लेकर हैंडपंपों पर पहुंचे। इससे हैंडपंपों पर पानी के लिए लाइन लग गई। कइयों को आधा से एक घंटे तक पानी के लिए इंतजार करना पड़ा। शनिवार को मोहल्लेवासी जलापूर्ति बहाल होने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
दो दिन से लड़खड़ाई जलापूर्ति से दिनचर्या ही प्रभावित कर दी है। इससे घर के अन्य कार्य नहीं निपटा पा रहे हैं। दिन भर पानी भरने में लगे रहते हैं।
- कौशल्या
मोहल्ला के लिए पानी की समस्या कोई नई बात नहीं है। यहां गर्मियों में टैंकर से पानी भरना पड़ता है। वर्तमान में हैंडंपपों से पानी निकल रहा है। जैसे ही धूप चटक होगी, वैसे ही हैंडपंप का पानी नीचे की ओर खिसक गया।
- तुलसी
जल संस्थान मोहल्ले की जलापूर्ति को ठीक नहीं कर पा रहा है। पाइप लाइन से आधे मोहल्लों को ही पानी मिल पा रहा है। दो दिन से पूरा मोहल्ला हैंडपंप के आसपास खड़ा दिखाई दिया है।
- विमला
मोहल्ले की पेयजल समस्या के कारण कई लोग यहां से अन्य जगह चले गए हैं। यहां लोग किराए से भी रहना पसंद नहीं करते हैं। इसकी वजह यहां की पेयजल समस्या है।
- राजकुमार
जब भी रेलवे का काम शुरू होता है, यहां की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो जाती है। इसका खामियाजा पूरे मोहल्लेवासियों को भुगतना पड़ता है। इस बार भी ऐसा ही हुआ है।
- संगीता
क्षतिग्रस्त पाइप लाइन की मरम्मत कराई गई है। इसे सही कराने में काफी परेशानी आई है। शनिवार को आपूर्ति सुचारू होने की संभावना है।
- संजीव कुमार, अधिशासी अभियंता
जल संस्थान