ललितपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र से एक बदमाश को चोरी के माल सहित गिरफ्तार कर लिया गया। उसका साथी भाग गया। पुलिस अधीक्षक ने गिरफ्तार करने वाली टीम को दस हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।
पुलिस अधीक्षक कैप्टन एमएम बेग ने बताया कि अपर पुलिस अधीक्षक अवधेश कुमार विजेता, सीओ सिटी केशव नाथ और कोतवाली प्रभारी संजय कुमार शुक्ला के नेतृत्व में शुक्रवार को चौकी प्रभारी नईबस्ती सुजीत मिश्र, स्वाट टीम प्रभारी राजबाबू यादव व सर्विलांस प्रभारी गुलाम हुसैन पुलिस के साथ भ्रमण कर रहे थे। मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि बृजेश तिवारी के आजादपुरा स्थित नवनिर्मित मकान में हुई चोरी के माल सहित दो बदमाश नईबस्ती में श्मशाम घाट के पास खड़ेे हैं, जो कहीं जाने की फिराक में हैं।
पुलिस ने घेराबंदी कर एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जबकि साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। पकड़े गए व्यक्ति ने पूछताछ के दौरान अपना नाम ऋतिक बुंदेला पुत्र प्रताप सिंह निवासी ग्राम छिपाई थाना जखौरा हाल झोपड़पट्टी बस स्टैंड बताया। भागने वाले का नाम रवि परिहार पुत्र बल्लू परिहार निवासी चंडी मंदिर बताया। पकड़े गए व्यक्ति के पास से चोरी का सामान दो 20-20 लीटर इमल्सन की बाल्टी, एक-एक लीटर के रंगे के चार डिब्बे, नल की टोंटी और तीन सीलिंग पंखे बरामद किए हैं।
चोरों को गिरफ्तार करने वाली टीम में स्वाट टीम से शत्रुंजय प्रताप सिंह, देवेंद्र कुमार, अरुण त्रिपाठी, जायद अली, इमरान साबरी, अमित पाठक, मनमोहन, सर्विलांस से रविंद्र प्रताप सिंह, सलाउद्दीन, कोतवाली से राकेश कुमार आदि शामिल रहे।