ललितपुर। डीएम ने जिले के विभिन्न प्राथमिक/पूर्व माध्यमिक/आंगनबाड़ी केंद्रों और शौचालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई अध्यापकों की लापरवाही उजागर हुई। इस पर डीएम ने उन्हें निलंबित करने के निर्देश दिए, साथ ही बालाबेहट के तत्कालीन ग्राम पंचायत अधिकारी के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।
डीएम मानवेंद्र सिंह ने सर्वप्रथम पूर्व माध्यमिक विद्यालय बालाबेहट का निरीक्षण किया। विद्यालयों के शौचालयों के संबंध में अवगत कराया गया कि शौचालय का निर्माण 06-07 वर्ष पूर्व हुआ था। शौचालय में टाईल्स नहीं लगाई गई। मौके पर उपस्थित श्रवण कुमार जिला पंचायत राज अधिकारी और ग्राम पंचायत अधिकारी नरेंद्र कुमार यादव द्वारा बताया गया कि ग्राम बालाबेहट में व्यक्तिगत रूप से बनने वाले शौचालयों में 246 शौचालय बनने शेष हैं। वर्तमान में 35 शौचालय निर्माणाधीन हैं। शौचालय निर्माण कार्य में ग्राम प्रधान बालाबेहट व ग्राम पंचायत अधिकारी द्वारा कोई रुचि नहीं ली गई। इससे प्रतीत होता है कि जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा कोई पर्यवेक्षण नहीं किया जाता है। इस पर डीएम ने जिला पंचायत राज अधिकारी को तत्कालीन ग्राम पंचायत अधिकारी मनोज कुमार सोनी के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। कन्या प्राथमिक विद्यालय बालाबेहट का निरीक्षण किया गया। यहां शौचालय का यूरिनल पॉट टूटा हुआ पाया गया। इस पर जिलाधिकारी ने यूरिनल पॉट शीघ्र लगवाने के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी केंद्र द्वितीय बालाबेहट के निरीक्षण के दौरान ज्ञात हुआ कि इस केंद्र में बने शौचालय का मरम्मतीकरण का कार्य नहीं कराया गया। शौचालय की सीट टूटी हुई पायी गयी। जिस पर जिलाधिकारी ने तत्काल शौचालय की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। इसके उपरांत ब्लाक बिरधा के प्राथमिक विद्यालय रामनगर का निरीक्षण किया गया। शौचालय के अंदर पुताई नहीं करायी गयी और न ही टाईल्स लगवाए गए। पूर्व माध्यमिक विद्यालय पिपरिया जागीर (कनपुरा) का निरीक्षण किया। यहां पर अध्यापक उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया गया। इसमें सुनील कुमार रावत प्रधानाध्यापक के उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर पाये गये, लेकिन मौके पर अनुपस्थित पाये गये। इस पर डीएम ने प्रधानाध्यापक सुनील कुमार रावत को तत्काल निलंबित करने के आदेेश जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को दिए। प्राथमिक विद्यालय राजगढ़ में कमलेश कुमार दीक्षित, प्रधानाध्यापक एवं सीता, शिक्षामित्र अनुपस्थित पाये गये। इस पर उन्होंने कमलेश कुमार दीक्षित प्रधानाध्यापक और सीता शिक्षामित्र को तत्काल निलंबित करने के आदेश बीएसए को दिए। रसोइया बीमार होने की वजह से आज खाना नहीं बना है। इस पर विद्यालय में मिड-डे मील नहीं बनाये जाने के कारण जिम्मेवार कर्मचारी का स्पष्टीकरण लेने के आदेश बीएसए को दिये गए। विद्यालय का शौचालय अत्यधिक गन्दा पाया गया। ब्लाक जखौरा के प्राथमिक विद्यालय घटवार का औचक निरीक्षण किया गया। यहां पर अरविन्द मिश्रा शिक्षा मित्र अनुपस्थित पाये। जिस पर डीएम ने अरविन्द मिश्रा शिक्षामित्र को तत्काल निलम्बित करने के आदेश दिये। बच्चों की उपस्थिति कम होने के संबंध में प्रधानाध्यापिका से सवाल जवाब किए गए लेकिन वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी। विद्यालय में बने शौचालय में बालिका शौचालय में ताला बन्द पाया गया। इससे स्पष्ट होता है कि बच्चे शौच के लिए बाहर ही जाते है। इस पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रधानाध्यापिका को शौचालय में ताला बंद नहीं करने के निर्देश दिए।