ललितपुर। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने छात्रवृत्ति के भराए गए फार्मों की समीक्षा की। इस दौरान पाया गया कि बहुत से स्कूल व कालेजों ने छात्र- छात्राओं का नवीनीकरण नहीं कराया है। इस पर जिला समाज कल्याण अधिकारी व जिला विद्यालय निरीक्षक ने नाराजी व्यक्त की।
राजकीय इंटर कालेज के सभागार में जिला समाज कल्याण अधिकारी डा. इंद्रा सिंह ने स्कूल व कालेजवार छात्रवृत्ति के भरे गए आवेदनों की समीक्षा की। इस दौरान पाया कि वर्ष 2014-15 के सापेक्ष वर्तमान शैक्षिक सत्र में लगभग पैंतीस प्रतिशत छात्र-छात्राओं ने या तो अपना आवेदन नहीं किया है या फिर विद्यालय द्वारा उनका आवेदन पत्र ऑनलाइन अग्रसारित नहीं किया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक श्याम प्रकाश यादव ने कहा कि वर्ष 2014-15 के सापेक्ष वर्तमान शैक्षिक सत्र में नवीनीकरण से शेष रहे छात्र- छात्राएं, जिनका डाटा उनकी लॉग इन आईडी पर उपलब्ध है, उसको कारण सहित तीस नवंबर तक अग्रसारित करें। बैठक में जिला सेवायोजन अधिकारी चंद्रचूड़ दुबे, जिला युवा कल्याण अधिकारी ब्रजेंद्र कुमार व प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।