स्टेरिंग फेल होने से गड्ढे में धंस गई सवारी बस।
- फोटो : LALITPUR
स्टेरिंग फेल होने सड़क के नीचे उतरी बस, बड़ा हादसा बचा
ललितपुर। थाना जखौरा अंतर्गत ग्राम सिरसी के पास बड़ी नहर के आगे एक तेज रफ्तार बस की स्टेरिंग फेल होने के चलते सड़क से नीचे उतर गई और नीचे गड्ढे में धंस गई। इससे बड़ा हादसा होते होते बच गया। यात्री खिड़कियों से कूदकर भाग निकले।
ललितपुर से जखौरा, तालबेहट होते हुए पूराकलां की ओर जा रही एक बस मंगलवार की दोपहर सवा तीन बजे जखौरा के पास सिरसी नहर के पास पहुंची, इसी दौरान बस की स्टेयरिंग फेल हो गई। बस अनियंत्रित होकर इधर-उधर भागने लगीं और नहर के आगे सड़क से उतरकर पानी से भरे गड्ढे में जाकर धंस से गईं। बस रुकते ही बस में बैठे यात्री खिड़कियों में से कूदकर बाहर निकले। यह देख आसपास के लोग भी मौके पर एकत्रित हो गए और यात्रियों की कुशलता की जानकारी ली। फिलहाल इसमें किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं पहुंची है। सभी यात्री सुरक्षित बच गए हैं। घटना के बाद बस में सवार आसपास के यात्री तो पैदल ही अपने स्थानों के लिए निकल गए। जबकि दूर के गांव वाले यात्री अन्य साथियों के माध्यम से अपने-अपने घर रवाना हुए।