संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। सर्व ब्राह्मण विकास परिषद ने समाज की गरीब कन्याओं को गोद लेकर उनके हाथ पीले करने का बीड़ा उठाया है। बुधवार को अक्षय तृतीया पर परिषद ने विप्र समाज की गरीब बिटिया की शादी कराई।
भगवान परशुराम जयंती पर सर्व ब्राह्मण विकास परिषद ने इस नेक कार्य का श्रीगणेश किया। विकास खंड मडावरा के ग्राम बड़गाना में एक ऐसे विप्र परिवार का पता चला था, जहां आर्थिक तंगी बिटिया के विवाह में बाधा बन रही थी। संगठन के अध्यक्ष अजय तिवारी नीलू ने बताया कि संगठन ने परिजनों से संपर्क कर विवाह की संपूर्ण जिम्मेदारी लेने का निर्णय लिया। अक्षय तृतीया पर संगठन के सदस्य ग्राम बड़गाना पहुंचे। वधू पक्ष के घर की साज सज्जा के साथ वर पक्ष के स्वागत खानपान के अलावा घर गृहस्थी की सभी सामग्री उपहार स्वरूप भेंट की।
युवा जिलाध्यक्ष नीरज तिवारी ने बताया कि यह सिलसिला जारी रहेगा। इस मौके पर सर्व ब्राह्मण परिषद के संरक्षक अशोक रावत, क्षेत्रीय अध्यक्ष अजय रावत, महिला मंडल से प्रांतीय अध्यक्ष नेहा तिवारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष संगीता गोस्वामी, जिलाध्यक्ष रितु समाधिया, क्षेत्रीय मंत्री कविता पस्तोर, आशा कौशिक व धनवती तिवारी, ग्राम प्रधान सोनू चौबे, प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष अनुपम चौबे, देवेंद्र कौशिक, सुबोध गोस्वामी, सुनील पटेरिया आदि उपस्थित रहे।