पुलवारा। गांधी जी कहा करते थे कि स्वच्छता में ईश्वर का निवास होता है। कहने को तो शासन-प्रशासन के लोग भी स्वच्छता पर काफी जोर देते हैं लेकिन कभी-कभी धरातल पर स्थिति इसके उलट देखने को मिलती है। ब्लॉक बार अंतर्गत ग्राम पंचायत पुलवारा में सफाई व्यवस्था ध्वस्त होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। गांव की बस्ती में स्थित रामराजा सरकार मंदिर के पास दो सार्वजनिक कुएं लंबे समय से गंदगी और कचरे से भरे हैं। इससे कुओं से लगातार दुर्गंध फैल रही है, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है।
गांव की नालियां भी कचरे से चोक हो गई हैं। नालियों का गंदा पानी जगह-जगह जमा होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। ग्रामीणों को संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका सता रही है। उनका कहना है कि इस गंदगी से बच्चों सहित अन्य लोगों को भी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव का सफाई कर्मचारी नियमित रूप से नहीं आता है। इस कारण लंबे समय से सफाई व्यवस्था खराब बनी हुई है। उन्होंने जिम्मेदारों से कुओं और नालियों की तत्काल सफाई की मांग की है। ग्रामीणों ने गंदगी वाले स्थानों पर ब्लीचिंग पाउडर छिड़कवाने की मांग की है। यह स्थिति ग्रामीणों के स्वास्थ्य के लिए खतरा बन गई है।
000000000
बोले ग्रामीण
फोटो-20
नियमित सफाई न होने से बरसात के मौसम में बीमारी फैलने का खतरा बढ़ गया है। हम ग्रामीण कुओं की गंदगी से फैल रही दुर्गंध और बीमारी के खतरे से परेशान हैं।-देवेंद्र सिंह, ग्रामीण
000000000
फोटो-21
पिछले छह महीने से गांव में कोई सफाईकर्मी नहीं आया है। हम प्रशासन से तत्काल सफाई कराने और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने की मांग करते हैं।-राजवेंद्र सिंह, ग्रामीण
00000000
गांव में सफाई रोस्टर के हिसाब से ही होती है। हम आश्वस्त करते हैं कि कुओं की सफाई का कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा। इस समस्या का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा। यह कदम ग्रामीणों की स्वास्थ्य चिंताओं को दूर करने में सहायक होगा।-परसादी कुशवाहा,ग्राम प्रधान