आवंटित चुनाव चिह्न दिखाते प्रत्याशी द्वय।
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। विकास खंड महरौनी के अंतर्गत क्षेत्र पंचायत सदस्य के वार्ड क्रमांक 13 छपरट में गड़बड़ी के चलते दो प्रत्याशियों को एक ही चुनाव चिह्न आवंटित हो गए। स्थिति यह है कि एक ही चिह्न के आधार पर दोनों ने एक दूसरे के खिलाफ अपना-अपना चुनाव प्रचार भी शुरू कर दिया। गांव में हुई चर्चा के बाद जब अधिकारियों को यह बात पता चली तो उन्होंने कहा कि चुनाव चिह्न आवंटन में गड़बड़ी हो गई है, इसमें सुधार किया जाएगा।
चिह्नों का आवंटन होते ही त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों की सरगर्मियां भी तेज हो गई हैं। उम्मीदवारों ने भी आवंटित चुनाव चिह्नों के अनुसार पर्चे छपवाकर चुनाव को अपने- अपने पक्ष में करने के लिए प्रचार तेज कर दिए हैं। विकास खंड महरौनी अंतर्गत ग्राम पंचायत छपरट में हतप्रभ करने वाली स्थिति तब बन गई जब गड़बड़ी के चलते क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए दो प्रत्याशी एक ही चुनाव चिह्न के पर्चे लेकर चुनाव करते हुए मिले।
विकास खंड महरौनी अंतर्गत ग्राम पंचायत छपरट और समोगर के तीन वार्ड जोड़कर क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए वार्ड क्रमांक 13 छपरट अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित है। इस वार्ड से छपरट गांव निवासी शिब्बू सहरिया और श्रीराम सहरिया ने अपने- अपने नामांकन पत्र जमा किए। नामांकन पत्रों के जांचोपरांत इन्हें चिह्नों का आवंटन किया गया। चिह्न मिलते ही दोनों ने तुरंत पर्चे छपवाकर गांव में प्रचार शुरू कर दिया। ग्रामीण दोनों प्रत्याशियों का एक जैसे चुनाव चिह्न देखकर आश्चर्यचकित हैं।
-----
चिह्न आवंटन के दौरान जिस टेबल पर क्षेत्र पंचायत सदस्य वार्ड क्रमांक 13 के लिए ट्रेनी अधिकारी चिह्नों का आवंटन कर रहे थे उन्हें अचानक किसी कारणवश वहां से जाना पड़ गया। इस वजह से चिह्न आवंटन में गड़बड़ी हो गई। दोनों उम्मीदवार को मंगलवार को सुबह नौ बजे बुलाकर उसमें सुधार कर दिया जाएगा।
अवधेश राय, रिटर्निंग आफिसर, महरौनी