ललितपुर। प्रदेश में नमक खत्म होने की अफवाह से शुक्रवार को लोगों में अफरातफरी मच गई। वे जनरल स्टोरों की ओर दौड़ पड़े। व्यापारियों और दुकानदारों ने भी मौके को खूब भुनाया। थोक में नमक दोगुने दाम पर बेचा तो एक किलो का पैकेट तीन गुना महंगा दिया। नझाई बाजार में तो लूट-खसोट मच गई। कुछ लोग नमक की बोरियां लूट ले गए। कई जगह हंगामे की सूचना पर पुलिस पहुंच गई।
शुक्रवार दोपहर के बाद प्रदेश भर में नमक खत्म होने की फैली अफवाह के बाद जिले में नमक के दाम आसमान छूने लगे। छोटे दुकानदारों के साथ ही आम जनता भी नमक खरीदने के लिए थोक व्यापारियों की दुकानों के बाहर लाइन लगाकर खड़े हो गए थे। थोक में दो-तीन बोरियां खरीदने लगे। नमक व्यापारियों ने भी मौके को खूब भुनाया और बोरियों के दाम दोगुने से अधिक कर दिए। वहीं, कुछ व्यापारियों ने तो अमान्य हो चुके 500 व 1000 रुपए के नोट लेकर भी देर रात तक मनमाने दाम में नमक बेचा। अफवाह से छोटे दुकानदारों की भी पौ-बारह हो गई। उन्होंने भी पैकेट तिगुने दामों में बेचा।
अफवाह से लोग इस तरह भ्रमित हुए कि वह लूट-खसोट पर उतर आए। नझाई बाजार में दुकानों पर लाइन लगी देख कर कुछ लोग बाहर रखी नमक की बोरियां लूट ले गए। जब तक दुकान मालिकों को पता चलता अराजक तत्व काफी माल लूटकर ले जा चुके थे। इससे वहां हंगामा शुरू हो गया। सूचना मिलने पर सदर चौकी इंचार्ज व कोतवाली पुलिस बल मौके पर पहुंच गया, तब जाकर कुछ स्थिति काबू में आ सकी। कालाबाजारी की सूचना पर पुलिस ने बाजार में गश्त की। इस बीच कालाबाजारी कर रहे व्यापारी दुकानों का शटर गिराकर मौके से खिसक लिए। शनिवार की सुबह से भी अधिक दामों में नमक का व्यापार देखने को मिला।