कोहरा बढ़ने की आशंका के चलते रेलवे द्वारा साबरमती एक्सप्रेस को झांसी से बीना रेलवे स्टेशन तक पैसेंजर ट्रेन बनाकर चलाया जा रहा है। झांसी-बीना पैसेंजर रद होने के चलते रेलवे ने यह निर्णय लिया है। वहीं, ललितपुर रेलवे स्टेशन पर ठहराव वाली कई ट्रेन रद की गई हैं, तो कइयों के रूट में आंशिक परिवर्तन किया गया है।
दिसंबर-जनवरी माह में कोहरे के संभावना के चलते रेलवे द्वारा झांसी-बीना पैसेंजर ट्रेन को अप और डाउन दोनों रूट पर 13 फरवरी तक के लिए रद कर दिया गया है। इस ट्रेन के रद होने से लोकल स्तर पर आसपास के स्टेशनों के लिए यात्रा करने वाले यात्रियों को होने वाली परेशानी को देखते हुए और यात्रियों की मांग पर रेलवे ने उक्त पैसेंजर ट्रेन की जगह साबरमती एक्सप्रेस को पैसेंजर बनाकर चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन रेलवे द्वारा 13 फरवरी तक झांसी से बीना के मध्य ही दोनों ओर से पैसेंजर बनाकर चलाई जा रही है। वहीं, तुगलकाबाद से पलवल स्टेशन के मध्य चौथी रेल लाइन का काम होने के चलते ललितपुर में ठहराव वाली कुछ ट्रेनों को 12 दिसंबर तक अलग तारीखों में कैंसिल किया गया है, जिनमें 12192 जबलपुर-नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन आठ व नौ दिसंबर को रद रहेगी। जबकि 12191 नई-दिल्ली जबलपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन नौ व दस दिसंबर को, 12406 हजरत निजामुद्दीन-भुसावल गोंडवाना सुपरफास्ट ट्रेन बारह दिसंबर को, 12715 सचखंड एक्सप्रेस आठ व नौ दिसंबर को, 18238 छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस नौ दिसंबर को, 18478 उत्कल एक्सप्रेस दस दिसंबर को व 14624 पातालकोट एक्सप्रेस ट्रेन दस दिसंबर को रद की गई है। इसके साथ ही 18238 छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस नौ दिसंबर, 11078 झेलम एक्सप्रेस ट्रेन नौ दिसंबर, 18478 उत्कल एक्सप्रेस ट्रेन दस दिसंबर को, 14624 पातालकोट एक्सप्रेस ट्रेन दस दिसंबर को मेरठ, खुर्जा, मटावल व आगरा कैंट होकर बदले रुट से चलेंगी। वहीं 14309 उज्जैन-देहरादून एक्सप्रेस ट्रेन 14 फरवरी तक और 14310 देहरादून उज्जैन एक्सप्रेस ट्रेन 13 फरवरी तक के लिए कैंसल की गई है।