ललितपुर। नि:शुल्क शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत गरीब बच्चों को निजी स्कूलों में पढ़ाई का मौका देने के लिए दूसरे चरण में आवेदन के सत्यापन का काम चल रहा है। 19 अप्रैल को लॉटरी के जरिए स्कूलों का आवंटन किया जाएगा।
नि:शुल्क शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत गरीब परिवार के बच्चों को निजी विद्यालय में प्रवेश दिलाने के लिए मार्च में प्रथम चरण की प्रक्रिया की गई थी। जिसके तहत 381 गरीब बच्चों को निजी विद्यालयों में प्रवेश दिलाया जा चुका है।
दूसरे चरण में 863 बच्चों ने निजी स्कूलों में प्रवेश के लिए आवेदन किया था। अधिकारियों ने आवेदनों की बारीकी से जांच की। जिसमें 420 आवेदन निरस्त कर दिए गए। शेष बचे 443 आवेदनों के सत्यापन का कार्य शुरू किया गया। जो अब अंतिम दौर में है। सत्यापन के बाद 19 अप्रैल को ऑनलाइन लॉटरी से बच्चों को स्कूलों का आवंटन किया जाएगा। स्कूल आवंटित होने के बाद इन बच्चों को बेसिक शिक्षा विभाग के द्वारा निजी विद्यालयों में निशुल्क प्रवेश दिलाया जाएगा। इसके बाद तीसरे चरण की प्रक्रिया 25 अप्रैल से शुरू की जाएगी।
शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत गरीब बच्चों को निजी स्कूल में प्रवेश दिलाते हुए निशुल्क शिक्षा दिलाने के लिए दूसरे चरण की प्रक्रिया अंतिम दौर में चल रही है। 19 अप्रैल को लॉटरी से बच्चों को स्कूलों का आवंटन किया जाएगा। तीसरे चरण की प्रक्रिया 25 अप्रैल से शुरू की जाएगी।
रामप्रवेश, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी