संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत 245 बच्चों को निजी विद्यालय आवंटित किए गए। 19 मार्च से शुरू हुई चौथे चरण की प्रक्रिया में 374 आवेदन आए थे। चयनित बच्चों को विद्यालयों में प्रवेश कराने की प्रक्रिया शिक्षा विभाग ने शुरू कर दी है।
निजी विद्यालयों में पहली कक्षा की 25 फीसदी सीटों पर गरीब परिवारों के बच्चों को आरटीई के तहत प्रवेश दिलाया जाता है। सरकार इन विद्यालयों को प्रतिपूर्ति के रूप में प्रति बच्चा निर्धारित रुपये हर माह देती है। एडमिशन के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया अपनाई जाती है। नवीन शैक्षिक सत्र के लिए वर्ष 2024 से आरटीई की प्रक्रिया चार चरणों में शुरू की गई।
प्रथम चरण की प्रक्रिया में 521 बच्चों को स्कूल आवंटित किए गए थे। दूसरे चरण में 352 बच्चे, तीसरे चरण में 273 बच्चों को निजी विद्यालय आवंटित किए गए थे। इसके बाद बच्चों को प्रवेश दिलाया गया। चौथे चरण की प्रक्रिया के लिए 19 मार्च तक आवेदन पत्र लिए गए थे। निर्धारित अवधि तक चौथे चरण में कुल 374 आवेदन आए। 20 से 23 मार्च के मध्य आवेदनों का सत्यापन हुआ। इसके बाद 24 मार्च को ऑनलाइन लॉटरी के जरिये 245 बच्चों का चयन करते हुए विद्यालय आवंटित किए गए।
-
फैक्ट फाइल
- 372 निजी विद्यालय जहां आरटीई के तहत प्रवेश होना है।
- 3051 आरटीई के तहत निर्धारित सीटें
- 1391 बच्चाें को आवंटित किए गए विद्यालय
निजी विद्यालयों में प्रवेश के लिए चौथे चरण की प्रक्रिया पूरी हुई। 374 आवेदन आए थे, ऑनलाइन लॉटरी के जरिये 245 बच्चों को विद्यालय आवंटित किए गए। अब इन बच्चों को विद्यालयों में प्रवेश दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
-प्रदीप कुमार, जिला समन्वयक, सामुदायिक सहभागिता