ललितपुर। शताब्दी एक्सप्रेस के एक कोच की गैलरी में शराब पी रहे युवक को आरपीएफ ने ललितपुर में ट्रेन से नीचे उतारा। चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद उसके खिलाफ रेलवे अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
शुक्रवार की शाम सवा पांच बजे कॉमर्शियल कंट्रोल झांसी ने आरपीएफ ललितपुर को सूचना दी कि गाड़ी संख्या 12001 नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस के कोच संख्या सी 5 में एक व्यक्ति शराब पी रहा था। सूचना पर आरपीएफ के उपनिरीक्षक पीके दुबे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ट्रेन में सीटीआई विष्णु कांत तिवारी से मिले। उन्होंने एक लिखित मेमो दिया। उसमें बताया कि एक व्यक्ति ट्रेन में शराब पी रहा है। सीटीआई की शिकायत पर आरपीएफ ने शराब पी रहे व्यक्ति को पकड़ लिया। उसने अपना नाम लाखन सिंह (42) निवासी इंदौर बताया। वह भोपाल से ट्रेन में सवार होकर झांसी आ रहा था। जिला चिकित्सालय में उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया, जहां पर शराब का सेवन करने की पुष्टि हुई। आरपीएफ ने रेलवे अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।