ललितपुर। जिला स्काउट गाइड समिति द्वारा नेहरू महाविद्यालय में बृहस्पतिवार को महाविद्यालयों के जनपदस्तरीय रोवर्स- रेंजर्स के पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। प्राचार्य डा. अवधेश अग्रवाल ने कहा हमारे धर्म ग्रंथों में मानव सेवा को सच्चा धर्म बताया गया है। यही रोवर्स- रेंजर्स का मूल उद्देश्य है।
प्राचार्य ने शिविरार्थियों को अनुशासन में रहने की शिक्षा देते हुए कहा कि अनुशासन से ही विद्यार्थियों की उन्नति हो सकती है। शिक्षकों से आह्वान किया कि वे स्वयं श्रेष्ठ संस्कारों से मंडित होकर छात्र/ छात्राओं में अच्छे संस्कारों का विकास करें जिससे श्रेष्ठ समाज का निर्माण हो सके। जिला स्काउट कमिश्नर एवं संस्कृत विभागाध्यक्ष डा. ओमप्रकाश शास्त्री ने कहा कि गुरु- शिष्य परंपरा को पुनर्जीवित कर विद्यार्थियों को भावी जीवन की शिक्षा, भारतीय संस्कृति व नैतिक मूल्यों, सेवा भाव को दिए जाने से निश्चित तौर पर उनमें बदलाव आएगा। रेंजर्स प्रभारी डा. प्रीति सिरौठिया ने कहा कि वर्तमान में हमारे भारत देश के समाज को नैतिक मूल्यों से सुदृढ़ एवं संस्कारवान बनाने के लिए हमें युवा पीढ़ी को संस्कारवान बनाना होगा।
सजन कुमार शर्मा व जयशंकर प्रसाद द्विवेदी ने विचार व्यक्त किए। जिला संगठन कमिश्नर डा. राजीव निरंजन ने कहा कि जनपद के सभी महाविद्यालयों के रोवर्स रेंजर्स को ध्वज शिष्टाचार, प्राथमिक चिकित्सा, गांठ बंधन आदि का प्रशिक्षण दिया जाएगा।