ललितपुर। रोडवेज डिपो निर्माण में तीन वर्ष से बाधक बनी हाइटेंशन लाइन हट गई है। अब डिपो में कार्यशाला के अधूरे कार्य और अन्य निर्माण कार्य शुरु हो सकेंगे। मार्च 2021 में डिपो बनकर तैयार होने की उम्मीद है। इससे यातायात सुविधा सुगम हो सकेगा।
जिले में यातायात को सुुगम बनाने के लिए मुख्यालय के समीपवर्ती ग्राम रोड़ा में रोडवेज डिपो के लिए सात एकड़ को चिह्नित किया गया। इसक निर्माण के लिए लगभग पांच लाख रुपये की राशि स्वीकृत हुई और डिपो के निर्माण कार्य शुरू हो गया।
डिपो निर्माण के दौरान मुख्य भवन बनकर तैयार हुआ। कैंटीन व अन्य भवन तैयार हो गए। कार्यशाला निर्माण में ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन बाधा बन गई। इसको हटवाने के लिए रोडवेज डिपो ने विद्युत विभाग से स्टीमेट जारी कर स्वीकृत राशि को विभाग को भेज दिया। इसके बाद भी हाइटेंशन लाइन नहीं हट सकी। इससे लगभग तीन वर्ष से रोडवेज डिपो निर्माण का कार्य बंद हो गया।
हाईटेंशन लाइन न हटने से अधिक समय बीत गया और जमीन में अधिक पत्थर होने से खर्च अधिक हो गया। जिस पर विभाग ने शासन को पांच करोड़ रुपये का रिवाइज स्टीमेट भेजा। जिसकी राशि चार करोड़ 35 लाख रुपये स्वीकृत होकर कार्यदायी संस्था को दिए जा चुके हैं। बताया जा रहा कि पांच वर्ष में निर्माण राशि दो गुनी हो गई।
अब विद्युत विभाग ने डिपो परिसर से निकल हाईटेंशन लाइन हटा ली है। इससे डिपो के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
-----
छह बार बदली जा चुकी निर्माण पूरा होने की अवधि
वर्ष 2015 में ग्राम रोड़ा में रोडवेज डिपो का शुभांरभ किया गया। जिसका निर्माण कार्य जनवरी 2018 में पूरा होना था, लेेकिन इसका निर्माण कार्य तय समय में पूरा नहीं हो सका। इसे मार्च 2018 किया गया। इसके बाद जुलाई 2018 में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया। निर्माण की अगली तिथि बढ़ाकर मार्च 2019 कर दी गई, इसके बाद जून तय किया गया। जिसके बढ़ाकर दिसंबर किया गया। लेकिन अब वर्ष 2021 मार्च में बनकर तैयार होने का अश्वासन दिया जा रहा है।
-------
रोडवेज डिपो निर्माण में मुख्य भवन बनकर तैयार हो गया है। कैंटीन, डीजल शेड और वर्कशाप का कार्य हाइटेंशन लाइन के चलते नहीं बन पा रहा था। अब हाइटेंशन लाइन हट गई है। मार्च 2021 तक डिपो बनकर तैयार हो जाएगी।
- हरीओम वर्मा, अवर अभियंता-परिवहन निगम डिपो
रोडवेज डिपो में कार्यशाला परिसर से हटी हाइटेंशन लाइन- फोटो : LALITPUR