ललितपुर। शुक्रवार को नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक में लगभग दो करोड़ उनसठ लाख रुपये के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की गई। इसमें एक करोड़ 92 लाख रुपये से सीसी सड़क, नाली निर्माण पर खर्च किए जाएंगे। इसके साथ ही 33 लाख रुपये से नाली का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही आउटसोर्सिंग कर्मियों के लंबित वेतन को एक सप्ताह में भुगतान करने की स्वीकृति दी गई है।
नगर पालिकाध्यक्ष रजनी साहू और अधिशासी अधिकारी निहाल चंद की मौजूदगी में बोर्ड बैठक की कार्रवाई शुरू की गई। बैठक में आउटसोर्सिंग कर्मियों के वेतन भुगतान व टेंडर प्रक्रिया को नवीनीकरण किए जाने पर विचार किया गया। जिसमें सर्वसम्मति से वेतन भुगतान की स्वीकृति दी गई। इसके साथ ही टेंडर प्रक्रिया भी शुरू करने पर स्वीकृति दी गई। इसके बाद बैठक में सीसी सड़क, नाली व बाउंड्री निर्माण समेत अन्य प्रस्ताव रखे गए, जिसमें बोर्ड बैठक में सभी सभासदों ने निर्माण के लगभग दो करोड़ उनसठ लाख रुपये के कार्यों को सभी कार्यों के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की गई। इनमें एक करोड़ 53 लाख रुपये से सीसी सड़क व नाली निर्माण के कार्य हैं। इसके अलावा शहर में विभिन्न क्षेत्रों में नाले के निर्माण के लिए 33 लाख 58 हजार रुपये के प्रस्ताव स्वीकृत हुए। वहीं, तुवन चौराहा से एसपी कार्यालय होकर शौचालय तक वर्टिकल गार्डन व बाउंड्री निर्माण को 33 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई। इसके अलावा अन्य शौचालयों अटके कार्यों के भुगतान के संबंध में चर्चा की गई। साथ ही स्व: कर निर्धारण के लिए सभी वार्डों की नई संशोधित दरों पर चर्चा की गई, जिसमें आगामी बोर्ड बैठक में कमियों को दूर कर रखने के लिए निर्देशित किया गया। इस दौरान वरिष्ठ सभासद पंकज मोदी, भरत भूषण चौरसिया, पूजा ग्वाला, रोहित राठौर, उदय प्रताप यादव, अफजुल रहमान, आलोक कुमार जैन, पूजा ग्वाला, रामवती रजक, नाजिया रजा, मंजू लवली शर्मा, कुंजलता कुशवाहा, आशा श्रीवास्तव, गीता यादव, जगभान कुशवाहा, जहीर अली रानू, अनुराग जैन, घनश्याम साहू आदि अन्य सभी सभासद व अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
डीएम की रोक के बाद भी पालिका बोर्ड ने 39 लाख से सिद्दन रोड किया मंजूर
नगर पालिका क्षेत्र में स्थित सदनशाह-राजकीय आईटीआई मार्ग की गड्ढों में तब्दील हो गई है। नगर पालिका परिषद ने इस सड़क को दो हिस्सों में सीसी से गड्ढा मुक्त करने की तैयारी कर रही थी, लेकिन डीएम आलोक सिंह ने कहा कि इस काम में करीब 35 लाख से अधिक खर्च भी हो जाएगा और फिर सड़क ज्यो की त्यो हो जाएगी। बेहतर होता कि इस सड़क को सीसी बनवा दिया जाए। इसलिए उन्होंने पैचवर्क कराने से रोक दिया था। शुक्रवार को पालिका बोर्ड की बैठक में सदस्यों ने इस मार्ग में सदनशाह डॉ. कौर नर्सिंग होम से कोहिनूर गार्डन होकर आईटीआई से रेलवे पुल मार्ग तक डब्ल्यूबीएम कार्य कराए जाने के लिए 39 लाख का प्रस्ताव पास किया गया।
सदर विधायक ने सीसी सड़क बनवाने में निधि से सहयोग का दिया था आश्वासन
नगर पालिका क्षेत्र में स्थित सदनशाह-राजकीय आईटीआई मार्ग के गड्ढों को देखते हुए सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने कहा था कि यह सड़क सीसी बनना चाहिए इसके लिए वह अपनी निधि से 50 लाख रुपये दे सकते हैं साथ ही अन्य जनप्रतिनिधियों सहयोग से इस सड़क को बनाना चाहिए। इसके लिए पालिका प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों से सहयोग लेने की अपेक्षा अपने फंड से गड्ढा मुक्त के लिए 39 लाख रुपये खर्च करने पर सहमति देदी।