ललितपुर। जामिनी बांध में हाल ही में हुए रिसाव को लेकर मुख्य अभियंता सिंचाई विभाग सिंचाई विभाग बेतवा माहेश्वरी प्रसाद ने जामिनी बांध का औचक निरीक्षण किया और बांध के उन प्वाइंटों को चेक किया, जहां से पानी का रिसाव हो रहा था। मुख्य अभियंता ने बांध के इस प्वाइंट सहित अन्य डैमेज प्वाइंटों को भी दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
हाल ही में जामिनी बांध जोकि वर्तमान में पूरे भराव पर है के डाउन स्ट्रीम से पानी का रिसाव होने लगा था। जिस कारण बांध के निचले इलाकों के ग्रामीणों में दहशत फैल गई थी। हालांकि सिंचाई विभाग ने बांध से पानी रिसने की घटना से किसी भी प्रकार के खतरे की संभावना को सिरे से खारिज किया था। लेकिन एहतियात के तौर पर बांध से रिस रहे पानी को रोकने के लिए भराव क्षेत्र में जेसीबी मशीन से मिट्टी डलवाई और बाहरी क्षेत्र में डाउन स्ट्रीम में खंड़ा, पत्थर सहित सीमेंट युक्त गिट्टी का प्रयोग करके रिस से पानी पर कंट्रोल किया था। इस खबर को अमर उजाला ने 11 अक्तूबर के अंक में पृष्ठ संख्या दो पर जामिनी बांध से रिस रहा पानी, ग्रामीणों में फैली दहशत शीर्षक से खबर को प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया था। इस खबर को सिंचाई विभाग के मंडलीय अधिकारियों ने गंभीरता से लिया और बृहस्पतिवार को मुख्य अभियंता सिंचाई विभाग माहेश्वरी प्रसाद अचानक ही जनपद में आए। ऐसा पहली बार हुआ कि बिना किसी पूर्व सूचना के सिंचाई विभाग के किसी आलाधिकारी ने जनपद में डेरा डाला हो। जनपद में वह अपने निजी वाहन से न आकर अन्य विभाग के वाहन से आए थे। जिससे कि किसी को पूर्वाभास न हो सके। मुख्य अभियंता जामिनी बांध पहुंचे। जहां पर उन्होंने हाल में हो रहे बांध से रिसाव के चलते क्षतिग्रस्त स्थान को देखा और जायजा लिया। इसके अलावा उन्होंने पूरे बांध का गहनता से निरीक्षण किया। वर्तमान में बांध पूरे भराव पर है। इसको देखकर उन्होंने अधीनस्थों को बांध के सभी लीकेज प्वाइंटों को खोजकर दुरुस्त करने के निर्देश दिए। वहीं जामिनी बांध के भराव क्षेत्र में वर्ष 1983 से टूटे पड़े मैन गेट को हटाकर उसे विभागीय नियमानुसार निस्तारित करने को निर्देशित किया। इस दौरान सिंचाई विभाग के जनपद स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
शहजाद, सजनाम, रोहिणी बांध का भी किया निरीक्षण
जामिनी बांध के निरीक्षण के बाद मुख्य अभियंता ने शहजाद, सजनाम और रोहिणी बांध का भी निरीक्षण किया। बशहजाद और सजनाम बांध निरीक्षण के दौरान बांध से रिसाव को लेकर सतर्कता बरतते हुए निरंतर निगरानी करने के निर्देश दिए। रोहिणी बांध निरीक्षण के दौरान बांध के मेन गेटों में नई चकर प्लेट लगाने की बात कही।
मुख्य अभियंता ने सभी बांधों की सुरक्षा के लिए निर्देश जारी किए है। निर्देशों के क्रम में सभी बांधों के लिए अवर अभियंताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।
इं. सलमान खान, सहायक अभियंता सिंचाई खंड