संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। अब बारिश में शहर में पाइपलाइन बिछाए जाने के लिए सड़कों की खोदाई नहीं होगी। हालांकि मरम्मत कार्य किया जा सकेगा। लेकिन, जो सड़कें खोद दी गईं। उसमें से बचकर आपको खुद ही निकलना होगा। वहीं, जाम भी आपका रास्ता रोकती रहेगी।
शहर में अमृत योजना 0.2 के तहत सड़क की खोदाईकर पाइपलाइन बिछाए जाने का कार्य चल रहा है। इससे आवाजाही प्रभावित हो रही है। आधी सड़क की खोदाई होने से आधा मार्ग ही बच रहा है। इससे चलने में दिक्कत हो रही थी। वहीं, पाइपलाइन बिछाए जाने के बाद मिट्टी और गिट्टी डालकर ही इन रास्तों को बंदकर दिया गया था। ऐसे में मार्ग से गुजर रहे वाहन गिट्टी में आते ही फंस जाते हैं। कई बार तो वाहनों के फंसने से मार्ग पूरी तरह से बाधित हो जाता है। यही नहीं बाइक सवार भी अनियंत्रित होने से गिरकर चुटहिल हो जाते हैं। अब इस समस्या को देखते हुए जिलाधिकारी ने बारिश तक सड़क की खोदाई करने पर रोक लगा दी है। इससे अब आगे राहगीरों को दिक्कत नहीं होगी। साथ ही उन्होंने जर्जर सड़क की मरम्मत कर गड्ढों को नियमित रूप से भरने के निर्देश दिए हैं। इससे अब मुख्य सड़क की खोदाई न होगी। लोग सुविधा के साथ आवाजाही कर सकेंगे।
बारिश तक अब सड़क की खोदाई का कार्य नहीं किया जाएगा। इसके बाद ही निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा।
- मुकेश पाल सिंह, अधिशासी अभियंता, जल निगम, नगरीय इकाई