ललितपुर। बारिश के बाद बदहाल हुई तालबेहट और बिरधा क्षेत्र की सड़कों को जल्द गड्ढामुक्त किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग की ओर से अन्य जिला मार्गों और ग्रामीण मार्गों की मरम्मत के लिए 1.28 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत हुई है। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद विभाग ने कार्य कराने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद सड़कों की मरम्मत का काम शुरू कराया जाएगा।
जिले में लगातार बारिश के कारण कई सड़कों की हालत खराब हो गई है। जगह-जगह गड्ढे होने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चार पहिया वाहनों के साथ ही दोपहिया वाहन चालकों के लिए भी आवागमन मुश्किल हो गया है। गड्ढों के कारण वाहन हिचकोले खाते हुए निकलते हैं। कई जगह दोपहिया वाहन चालक असंतुलित होकर गिरने का खतरा बना रहता है। वाहनों के निकलने से धूल उड़ने के कारण भी लोगों को परेशानी होती है।
अब तालबेहट और बिरधा क्षेत्र के अन्य जिला मार्गों समेत ग्रामीण क्षेत्रों की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी। इसके लिए शासन से 1.28 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। विभाग ने टेंडर निकालकर इच्छुक फर्मों से निविदाएं मांगी हैं। अधिकारियों के मुताबिक निविदा प्रक्रिया पूरी होते ही संबंधित सड़कों पर काम शुरू करा दिया जाएगा।
-
तालबेहट व बिरधा क्षेत्र में सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही कार्य कराया जाएगा।
- राजेश कुमार, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड