ललितपुर। लोक निर्माण विभाग द्वारा एक माह पूर्व शहर में लाखों रुपये की लागत से डाली गई सड़क दो दिन की बारिश के सामने नहीं टिक सकी है। करीब दो किलोमीटर लंबी सड़क दर्जनों जगहों से उखड़कर बड़े-बड़े गड्ढों में तबदील हो गई है। इसके कारण नगरवासियों व राहगीरों को आवागमन में भारी समस्या उठानी पड़ रही है। शहर के मध्य से निकला सागर-देवगढ़ मार्ग शहर का मुख्य मार्ग है। इस सड़क की मरम्मत व रखरखाव की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग की है। नगर सीमा में स्थित इस मार्ग के हिस्से की मरम्मत का कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा विगत माह कराया गया था। वहीं, स्थानीय जिला पंचायत कार्यालय के करीब से मुहल्ला नेहरू नगर देवगढ़ मार्ग तक विभाग द्वारा पूरी सड़क का डामरीकरण कराया गया था। इस सड़क की मरम्मत में लाखों रुपये व्यय किए गए, लेकिन सड़क की गुणवत्ता सहीं नहीं होने के कारण यह सड़क इस मानसून की पहली बारिश ही नहीं झेल सकी है। नवीन डामरीकरण की गई सड़क जिला पंचायत कार्यालय के सामने, कृष्ण टाकीज के पास, जिला औद्योगिक क्षेत्र के सामने, रेलवे स्टेशन तिराहा, नेहरू नगर मार्ग व अन्य स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढों में तबदील हो गई है। इसके अलावा लगभग पूरे रास्ते में सड़क की उखड़ी गिट्टी पड़ी हुई है। बारिश के दौरान वाहन चालक को यह गड्ढे आसानी से नहीं दिखाई देते हैं, जिससे दुर्घटना भी हो रही है।
रेलवे क्रासिंग पर हो रही अधिक समस्या
मुहल्ला नेहरू नगर स्थित देवगढ़ क्रासिंग के पास की स्थिति काफी बेकार हो गई है, क्रासिंग गेट के पास बहुत बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं व सड़क भी धंस गई है। सड़क पर हो चुके गहरे-गहरे गड्ढों में पानी भरने के कारण राहगीरों को काफी परेशानी हो रही है। सबसे अधिक समस्या ट्रेनों के निकलने के बाद रेलवे गेट खुलने पर होती है। क्योंकि इस बीच गेट खुलने के इंतजार में वाहनों की लंबी कतार लग जाती है और गेट खुलते ही सबको जाने की जल्दी होती है। इस जल्दबाजी के चक्कर में वाहन इन गहरे-गहरे गड्ढों में फंस रहे हैं और बार-बार रेल की पटरियों भी पर जाम की स्थिति बन रही है।
जिला अस्पताल के सामने की स्थिति बदतर
नगर पालिका भी लोक निर्माण विभाग से पीछे नहीं है, जिला अस्पताल के सामने की सड़क की भी मरम्मद एक माह पूर्व हुई थी। लेकिन यह सड़क लोक निर्माण ने नहीं बल्की नगर पालिका ने डलवाई थी। यह सड़क भी मानसून की पहली बारिश नहीं झेल सकी और उखड़कर गड्ढों में तबदील हो चुकी है। यहां आधा फुट से भी अधिक गहरे गड्ढे हो गए हैं और सड़क पर उखड़ी हुई गिट्टी पड़ी हुई है। इससे राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
एसई ने बैठाई जांच
लोक निर्माण विभाग द्वारा डाली गई इस सड़क की गुणवत्ता को लेकर नगर के विभिन्न संगठनों ने अधीक्षण अभियंता पीडब्लूडी व डीएम से शिकायत की गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए अधीक्षण अभियंता व डीएम डा. रुपेश कुमार ने सड़क की गुणवत्ता परखने के लिए जांच बैठा दी है।