शहर के दोनों छोर तक खराब सड़क और इसके बीच में आने वाले दोनों बदहाल पुलों से होने वाली परेशानी जल्द ही दूर होगी। इसके लिए तहसील मुख्यालयों को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाली सड़कों को बनाने की योजना के अंतर्गत शासन की मांग पर लोक निर्माण विभाग ने प्रस्ताव बनाकर भेज दिया है। इसके जल्द ही स्वीकृत होने की उम्मीद है। इसके तहत गोविंद सागर बांध स्थित हाइवे से रोंड़ा गांव स्थित हाइवे तक टू लेन सड़क बनाई जाएगी। इसके अलावा रास्ते में आने वाला शहजाद नदी और व्याना नाले के पुल का भी निर्माण किया जाएगा।
शहर में सड़कों की हालत बेहद ही जर्जर स्थिति में है। शहर से निकली दो सड़कें राजघाट रोड व देवगढ़ रोड केंद्रीय मार्ग निधि में स्वीकृत हैं। लेकिन, फंड न मिलने के कारण इनका काम नहीं हो पा रहा है। गोविंद सागर बांध से लेकर रोंड़ा गांव और स्टेशन तक सड़क में गड्ढे ही गड्ढे हैं। प्रदेश सरकार ने तहसीलों को जिला मुख्यालय से जोड़ने के लिए सभी जिलों से प्रस्ताव मांगा था। इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने शहर के प्रमुख मार्ग के लिए सात किलोमीटर की सड़क और दो पुल बनाने के लिए प्रस्ताव भेजा है। शहर में जर्जर हालत में सड़कों के अलावा शहर को जोड़ने वाले मार्गों पर दो पुल बने हुए हैं। दोनों ही पुल जर्जर हालत में होने के कारण लोगों के लिए खतरनाक हैं। शहजाद नदी पर बना पुल जर्जर होने के साथ-साथ ऊंचाई भी कम है। इस कारण बरसात के दिनों में गोविंद सागर बांध के गेट खुलने पर इसके ऊपर से पानी बहने लगता है और आवागमन ठप हो जाता है। इससे कई मोहल्लों का संपर्क शहर से कट जाता है। इसके अलावा व्याना नाले पर बने पुल की चौड़ाई कम होने के कारण दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। इस पुल से एक बार में एक ही वाहन निकल सकता है। आलम यह है कि यदि पुल पर से एक ट्रक गुजरे तो बाइक निकलने का भी रास्ता नहीं बचता है। तहसील मुख्यालय से जिला मुख्यालय को जोड़ने की योजना के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग ने मड़ावरा और महरौनी व पाली तहसील से आने वाले लोगों को गोविंद सागर बांध से और तालबेहट तहसील से आने वाले लोगों को रोंड़ा गांव स्थित हाइवे से जिला मुख्यालय आने के लिए रूट बनाया गया है। इसके तहत गोविंद सागर बांध स्थित हाइवे से लेकर रोंड़ा गांव स्थित हाइवे तक के लिए सात किलोमीटर की रोड़ का निर्माण करवाया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस सात किलोमीटर की सड़क सात मीटर चौड़ी टू-लेन की सड़क का निर्माण होगा। इसके अलावा बगल में पट्टी भी बनाई जाएगी। इस रास्ते में आने वाले दोनों पुलों व्याना नाला और शहजाद नदी पुल का निर्माण भी होगा। इससे शहजाद नदी के पुल की ऊंचाई और व्याना नाले के पुल की चौड़ाई बढ़ जाएगी। इससे लोगों को राहत मिलेगी। अधिकारियों ने बताया कि व्याना नाले के पुल की लंबाई 68 मीटर और शहजाद नदी के पुल की लंबाई 105 मीटर है। पुलों का निर्माण पुल ब्रिज कार्पोरेशन करवाएगा।
तहसीलों को जिला मुख्यालय से जोड़ने के लिए शासन ने प्रस्ताव मांगा था। लगभग 35 करोड़ की लागत का प्रस्ताव बनाकर भेज दिया गया है। इसमें शहर की सात किलोमीटर की सड़क और दो पुलों का निर्माण होगा। जल्द ही प्रस्ताव स्वीकृत होने की संभावना है।
सुबोध कुमार, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग