फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बारिश से तालाब बनी कैलगुवां तिराहे की सड़क

विज्ञापन
कैलगुवां तिराहा की सड़क पर भरा बारिश का पानी - फोटो : LALITPUR
विज्ञापन
ललितपुर। रात में हुई बरसात के पानी से कैलगुवां तिराहा की सड़क ‘तालाब’ बन गई और उसका पानी कई दुकानों में घुस गया। दुकानदारों को दुकान में रखा सामान सुरक्षित बचाने की समस्या खड़ी हो गई। वहीं, वाहन चालकों को भी अपने वाहन जलभराव के बीच से निकालने में परेशानी आई।
विज्ञापन

कैलगुवां तिराहे पर जलभराव की समस्या पुरानी है। इसे समाप्त करने के लिए नगर पालिका परिषद ने बीते वर्षों में लाखों रुपये की लागत से नाली का निर्माण कराया। लेकिन, इसके बाद भी क्षेत्र को जलभराव से छुटकारा नहीं मिल सका। बारिश का सीजन आने से पहले नगर पालिका परिषद द्वारा इस बार जलभराव नहीं होने का दावा किया जा रहा था, लेकिन उनके दावों की हवा निकल गई। सोमवार की रात में हुई बारिश के पश्चात कैलगुवां तिराहे पर तालाब जैसा नजारा था। सड़क पर करीब तीन फिट पानी भर गया था। इससे कई दुकानों में सड़क का भरा पानी घुस गया।
सफाई के नाम पर रस्म अदायगी
नगर उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन देकर सफाई के नाम पर रस्म अदायगी करने का आरोप लगाया है। ज्ञापन में अवगत कराया गया है कि मोहल्ला नदीपार और कैलगुवां रोड पर तीन से चार फिट तक बारिश का पानी भर जाता है। सोमवार की रात्रि ऐसा ही हुआ और सड़क पर भरा पानी दुकानों में घुस गया। इससे दुकानदारों का हजारों रुपये का सामान खराब हो गया। यही नहीं, मोटर साइकिलें भी खराब हो गई। नदीपुरा सेक्टर के दुकानदार पूर्व में नाली के चौड़ीकरण की मांग कर चुके हैं। इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। चौकाबाग से लेकर कैलगुवां रोड तक पूरा पानी सड़क पर बहकर तिराहे पर जमा हो जाता है। दुकानों में पानी भरने के कारण नुकसान हुआ है, उनका राजस्व विभाग से सर्वे कराकर नुकसान की भरपाई कराई जाए। चेतावनी दी गई कि आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन पर पप्पू पठान, नरेंद्र कडंकी, सेतु यादव, रोहित, दिनेश, कलीम, अरविंद जैन, विक्रांत जैन, वीरेंद्र कुमार आदि के हस्ताक्षर हैं।
विज्ञापन

----
कैलगुवां रोड के बाईं ओर दुकानों के सामने कोई चौड़ी नाली नहीं है। इस कारण पूरे बरसात के सीजन में समस्या बनी रहती है। पिछले वर्षो में ज्ञापन व समाचार पत्रों के माध्यम से कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया गया है। इसके बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है।
- सेतु यादव
----
मोहल्ला नदीपार व कैलगुवां रोड पर बारिश का पानी भरने से क्षेत्र के दुकानदारों को परेशान होना पड़ता है। इसके बाद भी नगर पालिका परिषद द्वारा इस गंभीर समस्या का निस्तारण नहीं किया जा रहा है। जिन दुकानदारों का सामान बर्बाद हो गया है, उनके नुकसान का सर्वे कराया जाए।
- नरेंद्र कड़ंकी
बरसात के दिनों में सड़क पर पानी घुटनों तक भर जाता है। इससे न तो पैदल चलने और न ही वाहन चलाने वाले आसानी से निकल पाते हैं। कई लोग सड़क में बने गड्ढे में पैर आते ही लड़खड़ाकर गिर जाते हैं, जिससे उनके कपड़े भी खराब हो जाते हैं।
- हरविंदर सलूजा
जब तक नाली का चौड़ीकरण नहीं कराया जाएगा, तब तक समस्या का समाधान होने वाला नहीं है। वर्तमान में नाली में कई जगहों पर ढाल नहीं है, इस कारण बारिश का पानी आगे नहीं जाकर सड़क पर भर जाता है। यदि समस्या का समाधान नहीं होता है तो अपना कारोबार बंद करने के लिए आंदोलन को बाध्य हो जाएंगे।
विज्ञापन

- निजामुद्दीन
नाली की तुरंत सफाई कराई जाएगी। इसके अलावा नाली का एस्टीमेेट तैयार कराकर उसे चौड़ा कराया जाएगा, ताकि लोगों को जलभराव की समस्या से छुटकारा मिल सके।
- एसपी सिंह, अपर उप जिलाधिकारी/ अधिशासी अधिकारी नगर पालिका

आजादपुरा मुख्य मार्ग पर हुआ जल भराव- फोटो : LALITPUR

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें