ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बिरारी के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार जीजा की मौत हो गई, जबकि साला गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम करगन निवासी गुलाब पाल (40) पुत्र उद्दे पाल रविवार की देर शाम अपने साले ग्राम तेरा निवासी हरीराम पाल (45) के साथ ग्राम तेरा बाइक से जा रहे थे। अभी दोनों बानपुर रोड पर ग्राम बिरारी में पेट्रोल पंप के पास पहुंचे थे कि अचानक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से दोनों को 108 एंबुलेंस से उपचार को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत गुलाब पाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि हरीराम की हालत गंभीर होने पर उसे भर्ती करते हुए उपचार शुरू कर दिया। मृतक के चचेरे भाई महेश पाल ने बताया कि मृतक के दो पुत्र हैं और वह चार भाइयों में सबसे छोटा था।