ललितपुर। थाना बानपुर के ग्राम गुगरवारा में चार पहिया वाहन की टक्कर से सड़क किनारे खड़े बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम बरखिरिया निवासी जितेंद्र (17) पुत्र समरत अहिरवार शहर में गल्ला मंडी में पल्लेदारी का काम करता था और राजकीय महाविद्यालय के पास कॉलोनी में रहता था। शनिवार की रात वह अपने दो साथियों के साथ मोटरसाइकिल से एक शादी में खाना खाने के लिए थाना बानपुर के ग्राम गुगरवारा गया था। रात करीब साढ़े दस बजे जब वह मोटरसाइकिल से बानपुर रोड पर ग्राम गुगरवारा में सड़क किनारे बाइक लिए खड़ा था, तभी तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह देख अन्य दो साथियों ने बानपुर पुलिस को सूचना दी। इस पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्राम कचनौंदा के पास टौरिया निवासी मृतक के मामा जगभान ने बताया कि मृतक तीन भाई और एक बहन में सबसे बड़ा था।