तालबेहट। होली के बाद से कोतवाली क्षेत्र में मार्ग दुर्घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मार्ग दुर्घटनाओं का यह सिलसिला शनिवार को भी जारी रहा और एक युवक की मौत हो गई। मध्यप्रदेश जिला शिवपुरी अंतर्गत ग्राम चमरऊआ कुटी निवासी फूलसिंह (35) पुत्र देवलाल अपनी बाइक से कोतवाली तालबेहट अंतर्गत ग्राम तरगुवां के मजरा आजादपुरा में रिश्तेदारी में जा रहा था। रास्ते में उसकी बाइक अनियंत्रित हो कर सड़क के किनारे बनी खाई में गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे आसपास के लोग सीएचसी लाए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बाद में मौके पर गई पुलिस ने शव को परीक्षण के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
वहीं, दूसरी घटना कस्बे के पुराने पेट्रोल पंप तिराहे पर हुई। सुबह सड़क पर पैदल जा रहे राहगीर में अज्ञात चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे ग्रामीण बृगभान (55) वर्ष पुत्र परम निवासी चंदनपुरा मध्य प्रदेश गंभीर रुप से घायल हो गया। राहगीरों की मदद से उसे उपचार के लिए सीएचसी तालबेहट लाया गया, जहां गंभीर हालत होने पर मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। टक्कर के बाद वाहन चालक वाहन लेकर मौके से भाग गया।
एक अन्य दुर्घटना में अजय (22) पुत्र रामनरेश निवासी ग्राम धमकना बबीना जिला झांसी भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे भी उपचार के लिए सीएचसी लाया गया। गंभीर हालत होने पर उसे भी मेडीकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया गया।
तालबेहट। कोतवाली अंतर्गत ग्राम रजावन निवासी महेंद्र सिंह का बीस वर्षीय पुत्र आजाद सीढ़ियों से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी तालबेहट लाया गया, जहां गंभीर हालत होने पर मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया गया।