अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। धौर्रा स्थित अटल आवासीय विद्यालय में भोजन के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने के मामले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। विभाग ने तैयार भोजन, खाद्य सामग्री के साथ-साथ विद्यालय में पेयजल के लिए लगे आरओ प्लांट के पानी के नमूने भी जांच के लिए भेजे हैं।
प्रशासन को आशंका है कि बीमारी की वजह भोजन के अलावा पेयजल भी हो सकता है। विशेष रूप से उस हॉस्टल के आरओ पानी की जांच कराई जा रही है, जहां जूनियर कक्षाओं की छात्राएं रहती हैं। हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने बताया कि आरओ से निकलने वाले पानी का नमूना भी जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बच्चों की तबीयत बिगड़ने के पीछे वास्तविक कारण क्या था। उन्होंने बताया कि प्रभावित बच्चों की स्थिति में अब काफी सुधार है।
-
बच्चों में उल्टी-दस्त की शिकायत मिलने की सूचना पर चिकित्सकों की टीम के साथ तत्काल विद्यालय पहुंचा था। सभी प्रभावित बच्चों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद उनकी स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है।
— डॉ. इम्तियाज अहमद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी