संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। भतीजे की शादी के निमंत्रण कार्ड बांटकर बाइक से वापस लौट रहे 55 वर्षीय रामदास निवासी ग्राम नैगांव की बाइक ग्राम चौंरसिल के पास सामने से आ रही बाइक से टकरा गई। जिससे रामदास की मौत हो गई। जबकि छोटा भाई और बहू घायल हो गए।
परिजनों ने बताया कि रामदास अपने भतीजे की 18 जून को होने वाली शादी के निमंत्रण पत्र बांटने बाइक से गए थे। बाइक पर उनके साथ छोटा भाई 50 वर्षीय रमेश और 48 वर्षीय बहू गोमती भी सवार थी। मंगलवार की रात को उनकी बाइक ग्राम चौरसिल के पास पहुंची थी कि सामने से आ रही बाइक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। इससे रामदास, रमेश और गोमती गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि दूसरी बाइक पर सवार सदर कोतवाली के ग्राम महर्रा निवासी अभिराज सहरिया (23) और उसका छोटा भाई पुष्पेंद्र (18) घायल हो गए। आसपास के गांव वालों ने पांचों घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने रामदास को मृत घोषित कर दिया। जबकि अन्य चारों घायलों रमेश, गोमती, अभिराज और पुष्पेंद्र की हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना की जांच कर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।