ललितपुर। उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को शिक्षा प्रदान करने के लिए संचालित आवासीय विद्यालय में बच्चों के अभिभावकों ने बैठक में आवासीय विद्यालय को इंटरमीडिएट तक संचालित किए जाने की मांग की है।
जिले में महिला सामाख्या द्वारा बालक, बालिका आवासीय विद्यालयों का संचालन किया जा रहा है। विहान आवासीय बालिका विद्यालय में शिक्षकों व अभिभावकों की बैठक हुई। बैठक में अभिभावकों को विद्यालय से संबंधित जानकारी दी गई तथा 26 जनवरी को होने वाले हस्तशिल्प व ललित कला महोत्सव के बारे में बताया गया।
यह आयोजन कैलगुवां रोड स्थित बालक आवासीय विद्यालय में सुबह 10.30 बजे से होगा। साथ ही उन्हें आमंत्रण पत्र भी दिए गए। क्राफ्ट मेले के विषय में श्रम विभाग में अंशदान जमा करने तथा बैंक खातों के लिए उपयुक्त दस्तावेजों को लेकर चर्चा की गई।
बताया गया कि आसपास का परिसर साफ-सुथरा रखने, गड्ढो व नालों आदि की सफाई के लिए नगर पालिका को पत्र भेजा जाएगा। वार्डन ने कहा कि सरकार श्रमिकों के बच्चों को अच्छी शिक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है। श्रम विभाग श्रमिकों के उत्थान के लिए कई योजनाएं चला रहा है।
इस दौरान अभिभावकों ने एक ज्ञापन वार्डन सावित्री व अन्य शिक्षिकाओं को सौंपा। ज्ञापन में अभिभावकों ने विद्यालय को कक्षा 12 तक किए जाने की मांग की। जगदीश, मकुंदी लाल, कल्लूराम, प्रेम नारायण, मदन, शिवचरन, आसाराम आदि शामिल रहे। बैठक में वार्डन सावित्री, शिक्षिका रूपम, शुभांजलि श्रीवास्तव, पूजा यादव, शिक्षक बृजेश श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे। विदित हो कि अभी विद्यालय कक्षा आठ तक संचालित किया जा रहा है।