गणतंत्र दिवस के लिए फायर ब्रिगेड द्वारा तैयार किया गया तिरंगा कलर में पुलिस लाइन का फव्वारा।
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। प्रशासनिक स्तर पर जिले में गणतंत्र दिवस मनाने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसके लिए शहर को पूरी तरह सजाया गया है। कलक्ट्रेट, पुलिस लाइन, घंटाघर, नगर पालिका परिषद कार्यालय, जिला पंचायत कार्यालय, जिला चिकित्सालय, मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय को भव्य रूप से सजाया गया है।
गणतंत्र दिवस की तैयारियों के लिए जिला प्रशासन द्वारा नगर में प्रमुख स्थलों को रोशनी से सजाया गया है। पुलिस लाइन को चारों ओर तिरंगा रंग के कपड़े से सजाया गया है जबकि यहां फायर ब्रिगेड विभाग द्वारा तीन रंगों का फव्वारा भी तैयार किया गया है। कई फीट ऊपर तक जाती इसकी बौछार लोगों को राष्ट्रीयता की भावना से ओतप्रोत कर रही है। पुलिस लाइन में परिसर में विभिन्न रंगों के ध्वजों को भी अतिथियों के स्वागत में लगाया गया है। वहीं शहर की हृदय स्थली घंटाघर नगर पालिका भवन को भी रंगबिरंगी रोशनी से सजाया गया है। नगर में गणतंत्र दिवस के एक दिन पहले पूरे नगर में नगर पालिका प्रशासन द्वारा नगर की सभी सड़कों व सरकारी कार्यालयों आदि में सफाई व्यवस्था भी की गई। इसके अतिरिक्त सभी तहसीलों, ब्लाकों और जनपद के सभी सरकारी, अर्ध सरकारी और स्कूलों ने भी अपने-अपने तरीके से गणतंत्र दिवस मनाने की तैयारियां की हैं।
गणतंत्र दिवस के लिए सजाया गया पुलिस ग्राउंड।- फोटो : LALITPUR