संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मेडिकल काॅलेज के इमरजेंसी वार्ड में चिकित्सक के साथ अभद्रता कर पिटाई कर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में पुलिस ने कुआंतला के ग्राम प्रधान विजय राजपूत सहित तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मेडिकल कॉलेज में कार्यरत चिकित्सक राजीव कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि वह 23 फरवरी की दाेपहर को इमरजेंसी विभाग में ड्यूटी पर थे। इसी दौरान दो घायल मरीज शिवा कौशिक निवासी मनगुवां और मुकेश राजपूत निवासी ग्राम ननौरा इलाज के लिए आए। दाेनों ने अत्यधिक मात्रा में शराब का सेवन भी किया हुआ था। इस पर वह और अस्पताल के स्टाफ आशीष पंथ इलाज कर रहे थे। इस बीच दोनों ने इलाज कराने से मना कर दिया। आरोपी शिवा कौशिक और मुकेश राजपूत ने उसे व वार्ड बाॅय को गालियां दीं और पिटाई करते हुए कुंआतला के ग्राम प्रधान विजय राजपूत को बुलाने की धमकी दी। इस बीच ग्राम प्रधान विजय राजपूत वहां पहुंच गए। इसके बाद तीनों आरोपियों ने उनको गालियां दी और पिटाई करते हुए उनके कपड़े फाड़ते हुए चश्मा तोड़ दिया। ग्राम प्रधान विजय राजपूत ने उनकी गर्दन पकड ली और जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों द्वारा की गई पिटाई से उनके हाथ में फ्रैक्चर हो गया और वह चोटिल हो गए ।
घटना के समय इमरजेंसी विभाग में और भी मरीज उपस्थित थे। जिस कारण से अन्य मरीजों का इलाज करने में परेशानी हुई और सरकारी कार्यों में भी बाधा पहुंची। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच पड़ताल कर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।