बिना कारण बताए शादी से इन्कार करने का आरोप, बीना के ग्राम देवल से आए थे रिश्ता तय करने
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। विवाह का झूठा आश्वासन देकर विश्वासघात, धन हड़पने और मानसिक उत्पीड़न के मामले में थाना बानपुर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तहरीर के आधार पर अर्जुन सिंह, शिशुपाल और मोहन सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
थाना बानपुर क्षेत्र के ग्राम तेरा निवासी चंदन सिंह ने तहरीर देकर बताया कि नौ नवंबर 2025 को मध्य प्रदेश के बीना स्थित ग्राम देवल (थाना भानगढ़) निवासी अर्जुन सिंह, शिशुपाल सिंह, किरन देवी और नैना उनके घर आए और उनकी बेटी से विवाह का प्रस्ताव रखा। परिवार द्वारा प्रस्ताव स्वीकार करने के बाद 11 दिसंबर 2025 को दोनों पक्षों की सहमति से फलदान, रिंग सेरेमनी, प्रीतिभोज सहित अन्य कार्यक्रम संपन्न हुए।
आरोप है कि 13 दिसंबर को शिशुपाल ने विवाह की तिथि निर्धारित करते हुए चार फरवरी को टीका और फेरे तय किए। इसके लिए वादी पक्ष ने रेलवे ओवरब्रिज के नीचे नेहरू नगर में विवाह गार्डन, डीजे, बग्गी और अन्य व्यवस्थाएं बुक कराईं तथा निमंत्रण पत्र भी वितरित कर दिए।
इसके बावजूद 13 जनवरी को अर्जुन सिंह, शिशुपाल और मोहन सिंह ने बिना किसी उचित कारण के विवाह से इन्कार कर दिया और झूठी बदनामी की धमकी भी दी। बानपुर पुलिस ने आगे की कार्रवाई के लिए मामले की जांच शुरू कर दी है।