ललितपुर। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत गेहूं में बालू और कंकड़ निकल रहे हैं। इसके कारण पात्रों को शासन की योजना का सही लाभ नहीं मिल पा रहा है। साथ ही घटतौली की भी शिकायतें आ रही हैं।
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के तहत जिले में उचित दर की दुकानों के माध्यम से अंत्योदय परिवार और पात्र गृहस्थी परिवार को खाद्यान्न वितरण किया जा रहा है। अंत्योदय कार्डों पर 15 किग्रा गेहूं और 20 किग्रा चावल वितरित किया जा रहा है। पूर्व में तो योजना के तहत गेहूं दो रुपये प्रति किग्रा और चावल तीन रुपये प्रति किग्रा के हिसाब से दिया जा रहा था, लेकिन सूखा को देखते हुए जून माह से सितंबर तक अंत्योदय परिवारों को 35 किग्रा खाद्यान्न और पात्र गृहस्थी परिवारों को प्रति यूनिट पांच किग्रा खाद्यान्न शासन की ओर से मुफ्त दिया जा रहा है।
खाद्यान्न योजना के तहत शिकायतें मिलने पर सूची में शामिल अपात्रों को हटाने के लिए खुुली बैठकों का दौर जारी है और अपात्रों को हटाया जा रहा है। लेकिन, अब खाद्यान्न वितरण में दिए जाने वाले गेहूं में बालू और कंकड़ की मिलावट होने की शिकायतें आ रही हैं। नगर के मुहल्ला खिरकापुरा, चौबयाना, ग्राम दावनी, गौना, ग्राम जमौरा, ग्राम टीकरा कचनौंदा, ग्राम निवाई आदि में लाभार्थियों को गेहूं में बालू और कंकड़ की मिलावट किए जाने की शिकायतें हैं।
शहर के मुहल्ला खिरकापुरा निवासी धनश्याम कुुशवाहा ने बताया कि उन्हें खाद्यान्न योजना के तहत उचित दर की दुकान से गेहूं दिया गया है, उसमें काफी मात्रा में बालू मिली पाई गई है। ग्राम निवाई निवासी बिहारी लाल पुत्र बरजोरे ने बताया कि उन्हें मिले गेहूं में करीब आधा किलो तक बालू और कंकड़ निकले हैं, जिससे गेहूं साफ करने में काफी परेशानी हो रही है। ग्राम खोंखरा निवासी लक्खी सहरिया पुत्र चिपके सहरिया ने बताया कि खाद्यान्न योजना में मिले गेहूं में करीब 400 से 500 ग्राम तक कंकड़ निकले हैं। हालांकि, उसने बताया कि चावल बिल्कुल साफ है।
इन लाभार्थियों के साथ ही अन्य लोगों ने भी राशन की दुकानों पर घटतौली की जा रही है। 15 किग्रा गेहूं में एक से दो किग्रा गेहूं कम मिल रहा है। उचित दर विक्रेता भी चार से पांच किग्रा गेहूूं कम मिलने की बात कह रहे हैं। साफ है कि गरीबों की मदद को चलाई जा रही योजना का लाभ सही तरीके से लोगों को नहीं मिल पा रहा है। हालांकि, कोई सीधे तौर पर अपनी गलती मानने को तैयार नहीं है।
कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी
ललितपुर। कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता और पूर्व सांसद प्रतिनिधि जसपाल सिंह बंटी ने बताया कि खाद्यान्न योजना में मिलावट की जानकारी उन्हें भी विभिन्न माध्यमों से मिल रही है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जुलाई माह में भी बालू व कंकड़ मिला खाद्यान्न वितरित किया गया तो कांग्रेस मिलावट की उच्च स्तरीय जांच कराए जाने के लिए आंदोलन करेगी। वहीं, राष्ट्रीय ब्राह्मण महामंडल के अध्यक्ष विनोद मिश्रा ने भी खाद्यान्न योजना में मिलावट की जांच कराने और बालू की मिलावट वाला गेहूं वितरित किए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।