ललितपुर। रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने पहुंचे एडीआरएम पूछताछ कार्यालय के बाहर छत में पंखा नहीं लगा होने पर नाराज हो गए। यहां लाइन में यात्रियों को पसीने से तरबतर देख उनका पारा चढ़ गया। कार्य निरीक्षक को बुलाकर तत्काल सीलिंग फैन लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने उदयपुरा, टीकमगढ़, छतरपुर और खजुराहो रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया।
अपर मंडल रेल प्रबंधक विनीत सिंह बुुधवार की सुबह दस बजे झांसी-खजुराहो पैसेंजर से ललितपुर स्टेशन पहुंचे। यहां उन्होंने आरपीएफ थाने के पास फुट ओवरब्रिज के पास प्लेटफार्म पर गंदगी देख नाराजगी जताई। कैंटीन में उन्होंने पानी की बोतलों के दाम और स्टाक की जानकारी ली। वह पूछताछ कार्यालय खिड़की के पास पहुंचे तो हॉल की छत पर पंखा नहीं लगा था। वहां लाइन में लगे यात्री पसीने तरबतर दिखे। इस पर उन्होंने कार्य निरीक्षक को बुलाया और डांटा। उन्होंने छत पर तत्काल पंखा लगाने को कहा। पूछताछ खिड़की पर पूछताछ केंद्र लिखने को भी कहा।
मुख्य गेट के बाहर स्टील की रेलिंग को और मजबूत करने को कहा। गेट के पास दीवार पर पोस्टर चस्पा पाने पर उन्होंने आरपीएफ इंस्पेक्टर अमित यादव से ऐसे लोगों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। फव्वारे सही से नहीं चलने पर सुधरवाने को कहा। इसके बाद वह विवादित जमीन का निरीक्षण करने पहुंचे, यहां उन्होंने वाहन पार्किंग स्टैंड डेपलप करने और अंदर वाहन जाने के लिए मार्ग चौड़ा करने के निर्देश दिए।
एडीआरएम ने एईएन रवि शर्मा से स्टेशन पर यात्रियों के लिए पेयजल के बेहतर प्रबंध कराने को कहा। इसके बाद उन्होंने खजुराहो पैसेंजर ट्रेन से उदयपुरा, टीकमगढ़, छतरपुुर और खजुराहो का निरीक्षण किया। इस मौके पर स्टेशन अधीक्षक श्रेयांश जैन, रेल यातायात निरीक्षक डीके चतुर्वेदी, इलेक्ट्रिकल विभाग के राकेेश यादव, लक्ष्मीनारायण तिवारी, आईओडब्ल्यू आरके अग्निहोत्री आदि उपस्थित रहे।