ललितपुर। दिल्ली और पंजाब की ओर घना कोहरा होने के कारण ट्रेनों की लेटलतीफी के कारण रेलवे यात्री परेशान हो गए हैं। रविवार को दिल्ली से भोपाल जाने वाली अधिकांश ट्रेनें लेट रहीं। इनमें राप्तीसागर एक्सप्रेस जहां छह घंटे तो सचखंड एक्सप्रेस आठ घंटे लेट रही। यात्रियों को ट्रेनों की लेटलतीफी के कारण परेशान होना पड़ा। वह इंतजार करते रहे, लेकिन देर होने पर वापस लौट गए।
दिल्ली की ओर से आने वाली मालवा एक्सप्रेस रविवार को डेढ़ घंटे लेट होकर सुबह 5.27 बजे ललितपुर आयी। भोपाल को जाने वाली 12184 भोपाल सुपरफास्ट एक्सप्रेस रविवार को पौने पांच घंटे लेट होकर निर्धारित समय 4.50 के स्थान पर 9.31 बजे आई। इसी प्रकार 12722 दक्षिण एक्सप्रेस दो घंटे, कुशीनगर एक्सप्रेस पौने पांच घंटे, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस ट्रेन पौने दो घंटे लेट रही। वहीं, राप्तीसागर एक्सप्रेस रविवार को पांच घंटे लेट होकर रात ग्यारह बजे आने की संभावना थी। झेलम एक्सप्रेस रविवार को सवा दो घंटे लेट होकर रात 8.43 बजे आई। भोपाल की ओर जाने वाली सचखंड एक्सप्रेस रविवार को अपने निर्धारित समय रात नौ बजे के स्थान पर अगले दिन सोमवार की सुबह पांच बजे आने की संभावना जताई गई। इसी प्रकार रविवार को झांसी की ओर जाने वाली डाउन रुट की राप्तीसागर एक्सप्रेस रात 3.04 बजे के स्थान पर पौने तीन घंटे लेट रही, जो सुबह 5.41 बजे ललितपुर स्टेशन पर आई।