ललितपुर। बुधवार से शहर में हो रही बारिश ने नगरवासियों की मुसीबतें बढ़ा दी हैं, जिन सड़कों के गड्ढे भरने से रह गए थे वे अब बारिश के पानी से लबालब हो गए हैं। वहीं, बृहस्पतिवार को दिन भर हुई बूंदाबांदी से लोगों को घर से निकलने में काफी दिक्कत हुई।
करीब एक सप्ताह से बारिश अचानक थम गई थी। इससे किसानों को खेतों में खड़ी फसल की चिंता सताने लगी थी। बुधवार को आसमान में छाए बादलों ने लोगों को भिगाना आरंभ कर दिया जो देर रात्रि झमाझम बारिश में तब्दील हो गई। बृहस्पतिवार को कुछ समय के लिए पानी रुका। सुबह सात बजे बारिश फिर होने लगी। धीमी-धीमी बारिश होने का सिलसिला दोपहर तक चलता रहा। इससे लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी हुई। सरकारी कर्मचारी सुबह भीगते हुए कार्यालय पहुंचे तो छात्र-छात्राओं को भी बारिश से बचने के लिए छतरी का इस्तेमाल करना पड़ा। वहीं, बुढवार रोड के गड्ढे बारिश के पानी से भर गए। इसी सड़क पर एसडीएस कान्वेंट स्कूल, आईटीआई सहित कई स्कूल हैं। जो बच्चे साइकिलों से स्कूल पहुंचे, उन्हें गिरने का भय बना रहा। टैक्सी चालकों को भी स्कूल पहुंचने में दिक्कत हुई। कमोवेश यही स्थिति राजघाट रोड की है। इस मार्ग पर भी कई स्कूल संचालित होते हैं। यहां मार्ग तो कीचड़ में तब्दील हो गया है। तालाबपुरा सहित शहर के अन्य हिस्सों में सड़कों पर पानी भरने की समस्या देखी गई।
सुहाने मौसम का लिया आनंद
सुबह से हो रही रिमझिम बारिश का कइयों ने भरपूर आनंद लिया। किसी चाट, पकोड़ी, भजिया खाई तो किसी ने भुट्टे व चाय की चुस्कियां लीं। कई तो बारिश में भीगते नजर आए।